ग्रेटर नोएडा में चौथे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का आगाज, गृहमंत्री अमित शाह करेंगे उद्घाटन

ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का चौथा संस्करण शुरू। गृहमंत्री अमित शाह करेंगे उद्घाटन।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर में उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े व्यापार मेले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण का उद्घाटन करेंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनका स्वागत करेंगे। गृहमंत्री अमित शाह हेलीकॉप्टर से सुबह 11:15 बजे एक्सपो मार्ट पहुंचेंगे और दोपहर 1:15 बजे तक मेले में रहेंगे। इस दौरान वह लोगों को संबोधित करेंगे। साथ ही मेले का भ्रमण करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करीब 5 घंटे ट्रेड शो में रहेंगे। वह विदेशी प्रतिनिधिमंडलों के साथ वार्ता करेंगे। कार्यक्रम में बीस से अधिक वीवीआईपी के शामिल होने की संभावना है।

पांच दिन तक चलने वाले ट्रेड शो के चौथे संस्करण की थीम ‘यूपी फॉर ग्लोबल ग्रोथ, इनोवेशन, मैन्युफैक्चरिंग एंड एक्सपोर्ट्स’ रखी गई है। इस आयोजन में दुनियाभर के 85 से अधिक देशों से 550 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के साथ ही 2,400 से अधिक प्रदर्शक, 1.50 लाख से अधिक पंजीकृत बीटूबी खरीदार और 4.50 लाख से अधिक सामान्य खरीदारों के शामिल होने का दावा है। एक्सपो मार्ट के 16 हॉल में आयोजन के लिए 2400 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। वियतनाम, जापान, सिंगापुर, रूस, ऑस्ट्रिया और बेलारूस पार्टनर कंट्री होंगे।

साझेदार देशों की भागीदारी

साझेदार देशों के प्लान के अनुसार, वियतनाम के लिए 54 वर्गमीटर, जापान के लिए 54 वर्गमीटर, सिंगापुर और रूस के लिए 36-36 वर्गमीटर तथा ऑस्ट्रिया के लिए 54 वर्गमीटर प्रदर्शनी क्षेत्र निर्धारित किया गया है। इन पांच देशों के लिए प्रस्तावित सूची में कुल 36 प्रदर्शक और 100 खरीदार शामिल हैं। बेलारूस को भी साझेदार देश के रूप में शामिल किया गया है। ट्रेड शो में सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से व्यापार, उद्योग, निर्यात और उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से जुड़े पहलु प्रदर्शित करने की तैयारी है।

सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे

ट्रेड शो में 21 नॉलेज सेशन प्रस्तावित हैं। इनके अलावा 25 सांस्कृतिक कार्यक्रमों के प्रस्तावित स्लॉट भी निर्धारित किए गए हैं। उद्घाटन समारोह 25 सितंबर को सुबह होगा। 29 सितंबर को समापन एवं पुरस्कार समारोह में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह आएंगे। ट्रेड शो का पहला संस्करण वर्ष 2023 में हुआ था, जिसका उद्घाटन राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु ने किया था। इसमें 60 से अधिक देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए थे।

वाहनों के लिए रास्ते बदले जाएंगे

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में भारी भीड़ की संभावना के चलते वाहनों के रास्तों में बदलाव रहेगा। वीवीआईपी आगमन के चलते कुछ-कुछ समय के लिए ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और कार्यक्रम स्थल के आसपास वाहनों को रोका जाएगा। डीसीपी ट्रैफिक अभय कुमार मिश्र ने बताया कि चिल्ला बॉर्डर, डीएनडी व कालिंदी कुंज की ओर से आकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे होते हुए ग्रेटर नोएडा की ओर जाने वाले वाहनों को डीएससी रोड पर भंगेल एलिवेटेड रोड होते हुए सूरजपुर की ओर निकाला जाएगा। सेक्टर-37 से एक्सप्रेसवे होकर ग्रेटर नोएडा की ओर जाने वाले वाहनों को सेक्टर-44 गोलचक्कर से डबल सर्विस रोड पर डायवर्ट किया जाएगा। सर्विस रोड से डीएससी रोड होते हुए गंतव्य को जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि आगरा से नोएडा की ओर आने वाले वाहनों को जेवर टोल से आगे जेवर कस्बे की ओर उतार साबौता अंडरपास से खुर्जा बाइपास से जहांगीपुर होते हुए निकाला जाएगा। इसके अलावा सेक्टर-151 की ओर डबल सर्विस रोड से नोएडा की ओर भेजा जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.