ग्रेटर नोएडा बस हादसे पर मुख्यमंत्री योगी ने जताया गहरा दुख, दिए बेहतर इलाज के निर्देश

यमुना एक्सप्रेसवे पर महोबा जा रही डबल डेकर बस में आग लगने से 9 की मौत। सीएम योगी ने दिए राहत और बेहतर इलाज के निर्देश।

दिल्ली-NCR से सटे ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक हादसा हुआ. नोएडा से करीब 35 यात्रियों को लेकर महोबा जा रही एक प्राइवेट डबल डेकर स्लीपर AC बस में अचानक भीषण आग लग गई. इस भयावह हादसे में 9 यात्रियों की जिंदा जलकर और दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई.

हादसा यमुना एक्सप्रेसवे पर ग्रेटर नोएडा से आगरा की तरफ जाते समय दयानतपुर गांव के पास हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्राइवेट डबल डेकर बस जब दयानतपुर गांव के पास पहुंची, तो अचानक उसमें से धुआं और ऊंची लपटें उठने लगीं. आग की भनक लगते ही चालक ने बस को एक्सप्रेसवे के किनारे खड़ा कर दिया. देखते ही देखते पूरी बस आग के गोले में तब्दील हो गई. जब तक अंदर मौजूद यात्री कुछ समझ पाते, पूरी बस में काला धुआं भर गया और चीख-पुकार मच गई.

हादसे में बाल-बाल बचे एक महिला यात्री ने घटना के खौफनाक मंजर को बयां करते हुए बताया- मैं सो रही थी, तभी किसी ने दरवाजा खटखटाया. जब आंख खुली तो चारों तरफ धुआं ही धुआं था और भगदड़ मची हुई थी. मैंने अपना कोई सामान या जूते तक नहीं उठाए, बस फोन हाथ में लिया और बाहर की तरफ भागी. बस में इतना धुआं था कि कुछ दिखाई नहीं दे रहा था, लोग अंदर ही दम घुटने से तड़प रहे थे. पीछे कई लोग फंसे रह गए जो बाहर नहीं निकल सके.

राहत और बचाव कार्य

हादसे की सूचना मिलते ही यमुना एक्सप्रेसवे के निजी सुरक्षाकर्मी, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस और बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और झुलसे हुए यात्रियों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है. पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है.

बस हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लिया है. मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, सीएम योगी ने इस भयावह दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और उनके परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है. योगी आदित्यनाथ ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों को तत्काल मौके पर और अस्पतालों में पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया है. सीएम ने स्पष्ट कहा है कि हादसे में घायल हुए सभी यात्रियों को बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराया जाए और उनके उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए.

पीड़ितों को हर संभव सहायता देने के आदेश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे मृतकों के परिजनों से संपर्क स्थापित कर उन्हें हर संभव मदद प्रदान करें. प्रशासनिक स्तर पर प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता पहुंचाने और राहत सामग्री उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों की जवाबदेही तय की गई है. उन्होंने हादसे में झुलसे और घायल हुए सभी लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की ईश्वर से प्रार्थना की है. मुख्यमंत्री कार्यालय लगातार स्थानीय प्रशासन और पुलिस से यमुना एक्सप्रेसवे हादसे के रेस्क्यू ऑपरेशन और जांच की अपडेट ले रहा है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.