गाजियाबाद में 400 घरों की छतों पर बनेंगे किचन गार्डन, मुफ्त मिलेंगी सब्जियां और बीज
गाजियाबाद में 400 घरों की छतों पर किचन गार्डन विकसित किए जाएंगे। उद्यान विभाग मुफ्त में बीज और जैविक खाद उपलब्ध कराएगा।
गाजियाबाद शहर में बढ़ते प्रदूषण और बाजार में मिलने वाली सब्जियों की गुणवत्ता को लेकर हमेशा चिंता बनी रहती है। इस चिंता से लोगों को जल्द ही मुक्ति दिलाने की तैयारी है। अब घर की छत पर ही लोग अपनी जरूरत के अनुसार जैविक फल और सब्जियां उगा सकेंगे। इसके लिए गाजियाबाद शहर के 400 घरों की छतों पर किचन गार्डन विकसित करने की तैयारी है।
शहर में अब घरों की छतें सिर्फ कपड़े सुखाने या सामान रखने तक सीमित नहीं रहेंगी। छतों पर हरी-भरी सब्जियां और फल भी उगते नजर आएंगे। उद्यान विभाग की ओर से शहर के 400 घरों की छतों पर किचन गार्डन विकसित करने की योजना तैयार की गई है। इसके तहत चयनित परिवारों को किचन गार्डन तैयार करने के लिए जरूरी सामान निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इससे लोगों को घर पर ही जैविक सब्जियां और फल उगाने का मौका मिलेगा और वे अपनी सेहत के प्रति भी जागरूक होकर अपनी सेहत का ध्यान रख सकेंगे।
सौ वर्ग फीट की छत होना जरूरी
इसके तहत यह किचन गार्डन उन छतों पर लगाए जाएंगे, जिन छतों का क्षेत्रफल कम से कम 100 वर्ग फीट या उससे अधिक होगा। छत पर उपलब्ध जगह के अनुसार किचन गार्डन विकसित किया जाएगा। इसके लिए लोगों को अलग से ज्यादा खर्च करने की जरूरत नहीं होगी। विभाग की ओर से बीज, जैविक खाद समेत किचन गार्डन के लिए जरूरी सामग्री निशुल्क मुहैया कराई जाएगी। शहर में लगातार बढ़ते कंक्रीट के विस्तार के बीच घरों की छतों पर हरियाली बढ़ाने की दिशा में भी यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
छोटी बगिया में तब्दील होगी छोटी सी छत
किचन गार्डन के माध्यम से घर की छत को छोटी बगिया में बदला जा सकेगा। इसमें मौसम के अनुसार जैविक तरीके से टमाटर, मिर्च, धनिया, पालक, लौकी, भिंडी जैसी सब्जियां उगाने के साथ विभिन्न फलदार पौधे भी लगाए जा सकेंगे। शहर में बड़ी संख्या में ऐसे मकान हैं, जिनकी छतों का इस्तेमाल केवल कपड़े सुखाने या अन्य घरेलू सामान रखने के लिए किया जाता है। किचन गार्डन योजना के माध्यम से इन छतों का इस्तेमाल घर की जरूरत के लिए सब्जियां और फल उगाने में किया जा सकेगा। छत पर गार्डन विकसित होने से घर के आसपास हरियाली भी बढ़ेगी और परिवार के सदस्य पौधों की देखभाल से जुड़ सकेंगे।
सब्जियां और फल मिलेंगे
किचन गार्डन में लोग जरूरत और उपलब्ध स्थान के अनुसार अलग-अलग तरह की सब्जियां उगा सकेंगे। घर में रोजाना इस्तेमाल होने वाली हरी सब्जियों को छत पर उगाने से परिवार को ताजी सब्जियां मुहैया हो सकेंगी। इसी तरह मौसम के अनुसार फलदार पौधों को भी स्थान दिया जा सकता है। इससे लोगों अपने घर में जैविक तरीके से फल और सब्जियां उगाकर सेहतमंद रह सकेंगे।
ऐसे करें आवेदन
इच्छुक लोग विभाग के पोर्टल dbt.uphorticulture.in और up-dbt.uphorticulture.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के बाद सभी दस्तावेजों की हार्ड कॉपी जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा। आवेदन के लिए आवेदकों को दो पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, मोबाइल नंबर समेत अन्य जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
अनीता सिंह, जिला उद्यान अधिकारी, ”शहरी क्षेत्र में 400 घरों की छतों पर शुरुआत में किचन गार्डन स्थापित किए जाएंगे। इन गार्डन से लोगों को ऑर्गेनिक फल और रोजमर्रा की सब्जी मिल सकेंगी। इसके लिए लोगों को विभाग में जानकारी दी जा रही है।”