गाजियाबाद: राजनगर एक्सटेंशन में बनेगा आउटर रिंग रोड, जाम से मिलेगी राहत
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण राजनगर एक्सटेंशन में 5.8 किमी लंबा आउटर रिंग रोड बनाने जा रहा है। जानिए कैसे यह दिल्ली-गाजियाबाद का सफर आसान और जाम मुक्त बनाएगा।
राजनगर एक्सटेंशन के निवासियों और इस मार्ग से गुजरने वाले लाखों वाहन चालकों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है. गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) क्षेत्र को पूरी तरह जाम मुक्त करने की बड़ी तैयारी में है. GDA अगले महीने से 45 मीटर चौड़े आउटर रिंग रोड का निर्माण कार्य धरातल पर शुरू करा सकता है. इसके लिए टेंडर प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू कर दी गई है. करीब 90.91 करोड़ की भारी-भरकम लागत से तैयार होने वाले इस आउटर रिंग रोड के अस्तित्व में आने से दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के बीच का सफर बेहद आसान हो जाएगा.
वर्तमान में राजनगर एक्सटेंशन में 60 से अधिक आवासीय सोसाइटियां हैं, जिनमें 2 लाख से भी ज्यादा की आबादी निवास करती है. इस पूरे क्षेत्र में अभी एक ही मुख्य रोड है, जो जीटी रोड होते हुए एलिवेटेड रोड से दिल्ली-मेरठ रोड को जोड़ता है.
इस इकलौते मार्ग पर वाहनों का सबसे ज्यादा दबाव रहता है, क्योंकि गाजियाबाद, मुरादनगर और मोदीनगर से हिंडन एयरफोर्स स्टेशन या एलिवेटेड रोड के रास्ते दिल्ली-नोएडा आने-जाने वाले वाहन यहीं से गुजरते हैं. इसके चलते सुबह और शाम के पीक ऑवर्स में यहां भीषण जाम लग जाता है. इसी समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए जीडीए ने इस नए विकल्प पर काम तेज किया है.
5.8 किमी लंबा होगा आउटर रिंग रोड, 15 करोड़ की लगेंगी लाइटें
जीडीए अधिकारियों के मुताबिक, यह नया आउटर रिंग रोड करीब 5.8 किलोमीटर लंबा होगा. इसके बनने के बाद वाहन चालक सिटी फॉरेस्ट के पास से बिना किसी बाधा के सीधे एनपीआर (नॉर्दर्न पेरिफेरल रोड) की तरफ जा सकेंगे. इस आउटर रिंग रोड पर मुख्य मार्ग के साथ-साथ दोनों तरफ सर्विस रोड भी बनाई जाएगी. साथ ही डिवाइडर और अत्याधुनिक सीवर सिस्टम का निर्माण होगा. सड़क को चमकाने और सुरक्षा के लिहाज से यहां 15 करोड़ का अतिरिक्त बजट खर्च कर आधुनिक स्ट्रीट लाइट्स लगाई जाएंगी.
हरनंदीपुरम, एयरोसिटी और इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम को जोड़ेगा यह मार्ग
इस आउटर रिंग रोड का सबसे बड़ा फायदा जीडीए की नई योजनाओं को मिलेगा. यह मार्ग हरनंदीपुरम और एयरोसिटी टाउनशिप के साथ-साथ प्रस्तावित इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम को भी आपस में जोड़ेगा. इन सभी महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स के पास से गुजरता हुआ यह रोड सीधे एनपीआर में जाकर मिल जाएगा. इसके बाद दिल्ली से मुरादनगर और मोदीनगर जाने वाले वाहन मुख्य मार्ग के जाम में फंसे बिना, सीधे इसी रूट का इस्तेमाल कर दिल्ली-मेरठ रोड पर आ-जा सकेंगे.
नंद किशोर कलाल (उपाध्यक्ष, जीडीए) ने बताया- राजनगर एक्सटेंशन में आउटर रिंग रोड बनाने की प्रक्रिया को काफी तेज कर दिया गया है. इसके लिए टेंडर जारी कर दिया गया है. जैसे ही टेंडर की प्रक्रिया पूरी होगी, धरातल पर निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा. यह मार्ग राजनगर एक्सटेंशन की कई अहम परियोजनाओं के बीच से गुजरेगा और इसका व्यापक लाभ आम जनता को मिलेगा.”
एलिवेटेड रोड पर रामसेतु द्वार का निर्माण शुरू
आउटर रिंग रोड के साथ ही गाजियाबाद की लाइफलाइन कही जाने वाली एलिवेटेड रोड को लेकर भी एक बड़ा अपडेट है. अब ‘रामसेतु’ के नाम से जानी जाने वाली इस एलिवेटेड रोड पर गाजियाबाद नगर निगम ने भव्य ‘रामसेतु द्वार’ बनाने का काम शुरू कर दिया है.
निगम ने एनएच-9 (NH-9) के पास जहां से यह एलिवेटेड रोड शुरू होती है, वहां गेट का ढांचा (स्ट्रक्चर) खड़ा कर दिया है. निर्माण विभाग के चीफ इंजीनियर एन.के. चौधरी ने बताया कि इस गेट को बनाने का काम अगले दो से तीन महीनों के भीतर पूरी तरह से संपन्न कर लिया जाएगा. बता दें कि जीडीए द्वारा निर्मित यह एलिवेटेड रोड अब नगर निगम को हस्तांतरित हो चुकी है, जिसके बाद निगम इसकी मरम्मत, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटा हुआ है.