गाजियाबाद: सोसाइटी में एयर गन से फायरिंग, 2 दोस्त घायल; मची अफरातफरी

गाजियाबाद की पंचशील प्राइमरोज सोसाइटी में एयर गन से फायरिंग। पैर में छर्रा लगने से दो दोस्त गंभीर रूप से घायल, सर्जरी की सलाह। अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज।

गाजियाबाद। कविनगर थानाक्षेत्र की पंचशील प्राइमरोज सोसाइटी में एयर गन से फायरिंग में छर्रा लगने से दो दोस्त घायल हो गए। एक के पैर से खून निकलने पर अफरा-तफरी मच गई। एक्स-रे कराने पर छर्रा पैर में फंसा मिला, जिसे निकालने के लिए चिकित्सकों ने ऑपरेशन की सलाह दी है। घटना के संबंध में किशोर के पिता ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। कविनगर थानाक्षेत्र में हापुड़ रोड स्थित पंचशील प्राइमरोज सोसाइटी के टावर-11 में रहने वाले अंकित मित्तल ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि बेटा कार्तिक मित्तल 18 जून की शाम करीब पौने नौ बजे मां की दवा लेने दुकान पर गया था। वहां उसकी मुलाकात दो दोस्तों हो गई, जिसके बाद तीनों सोसाइटी परिसर में घूमने लगे। उन्होंने बताया, जब तीनों दोस्त टावर-पांच के पास पहुंचे, तभी किसी टावर से एयर गन से फायर किया गया। एयर गन का छर्रा कार्तिक मित्तल और अनुष्ठान के पैर लगा। घटना के बाद कार्तिक के घुटने से खून निकलने लगा। परिजन तत्काल कार्तिक को अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। अंकित मित्तल के मुताबिक, 20 जून को बेटे का एक्स-रे कराने पर पता चला कि पैर के अंदर एयर गन का छर्रा फंसा है। चिकित्सकों ने सर्जरी कराकर छर्रा निकालने की सलाह दी है。

पहले भी हो चुकी है घटना

29 मई को भी इसी तरह की घटना में टावर-11 निवासी अमित वर्मा की बेटी शैलजा के सिर में एयर गन का छर्रा लग गया था। उसकी भी सर्जरी करानी पड़ी थी। मामले की शिकायत थाने में दी गई थी। डीसीपी सिटी धवल जायसवाल का कहना है कि शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.