गाजियाबाद: हापुड़ चुंगी फ्लाईओवर का रास्ता साफ, दिवाली से पहले तैयारी

गाजियाबाद में हापुड़ चुंगी पर लगने वाले जाम से मिलेगी राहत। जीडीए ने 125 करोड़ की लागत वाले फ्लाईओवर प्रोजेक्ट का आरएफपी जारी किया। जानें पूरी डिटेल।

गाजियाबाद में हापुड़ चुंगी फ्लाईओवर का निर्माण दिवाली से पहले शुरू करने की तैयारी की जा रही है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने इस परियोजना का आरएफपी जारी कर दिया है। इसकी प्रक्रिया पूरी कर एजेंसी तय कर ली जाएगी, जो फ्लाईओवर का निर्माण करेगी। इसके बनने से लोगों को जाम से राहत मिलेगी।

गाजियाबाद में जाम की समस्या है, जिसमें हापुड़ चुंगी जाम वाला एक मुख्य पॉइंट है। यहां सुबह और शाम के वक्त सबसे अधिक परेशानी होती है। इन मार्ग पर वाहनों का दबाव अधिक देखते हुए जीडीए ने प्लान तैयार किया है। इस योजना के तहत जीडीए संजयनगर सेक्टर 23 के एएलटी सेंटर से हापुड़ चुंगी होते हुए कविनगर थाने से आगे शास्त्रीनगर चौराहे तक फ्लाईओवर बनाएगा। जीडीए अधिकारी बताते हैं कि इस परियोजना के प्रस्ताव को शासन की अनुमति मिल चुकी है।

अब प्राधिकरण ने इस प्रोजेक्ट का आरएफपी जारी कर दिया है। जिसको लेकर बुधवार को बैठक भी होगी। इसके बाद 12 अगस्त तक इच्छुक एजेंसी आवेदन कर सकती है, जिसके बाद 14 अगस्त को तकनीकी बिड खोली जाएगी। इसमें जो भी एजेंसी चिह्नित होगी, उसे इस प्रोजेक्ट को तैयार करने की स्वीकृति मिलेगी। माना जा रहा है कि तीन से चार महीने में निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।

अवस्थापना निधि से खर्च होगा

बताया जा रहा कि फ्लाईओवर की लंबाई करीब 1.2 किलोमीटर तक होगी। चार लेन के फ्लाईओवर की अनुमानित लागत करीब 125 करोड़ है, जो क्षेत्रीय अवस्थापना निधि से खर्च होगा। एनएच नौ और दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे को जोड़ने के लिए मुख्य रूप से एएलटी सेंटर से हापुड़ चुंगी होते हुए शास्त्रीनगर के जरिये डायमंड फ्लाईओवर वाला मार्ग है। इस मार्ग का प्रयोग गाजियाबाद क्षेत्र के सभी लोग करते हैं। । फ्लाईओवर से हापुड़ चुंगी पर जाम की समस्या दूर होगी।

हापुड़ चुंगी पर लगता है जाम

हापुड़ रोड से डासना, गोविंदपुरम, पुलिस लाइन आदि इलाकों में रहने वाले लोग पुराना बस अड्डा जाते हैं। वहीं, पुराने बस अड्डे की तरफ कलेक्ट्रेट से लोग चौराहा पार करते हैं। इसी तरह एएलटी और कविनगर थाने की तरफ से भी लोगों का आना जाना लगा रहता है। इस कारण इस चौराहे पर जाम रहता है। इसी को खत्म करने के लिए फ्लाईओवर बनाया जाएगा। हालांकि, कलेक्ट्रेट से हापुड़ चुंगी होते हुए सीबीआई एकेडमी तक फ्लाईओवर बनाने की भी चर्चा की गई, लेकिन एएलटी मार्ग पर इसे बनाने की सहमति बनी।

नंद किशोर कलाल, उपाध्यक्ष, जीडीए, ”हापुड़ चुंगी पर फ्लाईओवर बनेगा इसके लिए आरएफपी जारी कर दिया गया है। तीन से चार महीने में इसका निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा। फ्लाईओवर बनने से जाम से राहत मिलेगी।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.