Commonwealth Games 2026: ग्लासगो में इन खेलों के न होने से भारत की मेडल टैली पर असर
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की शुरुआत 23 जुलाई से ग्लासगो में। भारत के लिए मेडल पक्की करने वाले कई खेल इस बार नहीं होंगे शामिल, जानें पूरी डिटेल।
23 जुलाई से कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की शुरुआत होने जा रही है. इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन ग्लासगो में हो रहा है. पिछली बार यानी साल 2022 में जब इंग्लैंड के बर्मिघम शहर में कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन हुआ था तो भारत ने वहां 61 मेडल जीते थे, जिसमें 22 गोल्ड मेडल थे. बड़ी बात ये है कि भारत ने 61 में से 30 मेडल बर्मिंघम में जिन 6 खेलों में जीते थे, वो सभी 2026 ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स से नदारद हैं. मतलब, ग्लासगो में उनका आयोजन होता नहीं दिखेगा.
भारत के मेडल की गारंटी ये 6 खेल ही ग्लासगो में नहीं होंगे
भारत ने बर्मिंघम में हुए पिछले कॉमनवेल्थ गेम्स में हॉकी, बैडमिंटन, क्रिकेट, टेबल टेनिस, रेसलिंग और स्क्वैश में कुल 30 मेडल जीते थे, जिसमें से 13 गोल्ड मेडल थे. लेकिन, भारत के लिए मेडल की गारंटी माने जाने वाले इन 6 खेलों के अलावा रग्बी सेवन का भी आयोजन ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में होता नहीं दिखेगा.
ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में कौन-कौन से खेल होंगे?
अब सवाल है कि ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में फिर दिखेंगे कौन-कौन से खेल? 23 जुलाई से 2 अगस्त के बीच होने वाले ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में सिर्फ 10 खेलों का आयोजन होता दिखेगा. उन 10 खेलों में के नाम इस प्रकार हैं.
- एथलेटिक्स और पारा एथलेटिक्स
- स्विमिंग और पारा स्विमिंग
- आर्टिस्टिक जिमनास्टिक
- ट्रैक साइकलिंग और पारा साइकलिंग
- वेटलिफ्टिंग और पारा पावरलिफ्टिंग
- नेट बॉल
- बॉक्सिंग
- जूडो
- लॉन बॉउल्स और पारा बाउल्स
- बास्केटबॉल और व्हिलचेयर बास्केटबॉल
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: मेडल टैली पर पड़ सकता है असर
ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में होने जा रहे इन 10 खेलों में से भारत के एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, जूडो, लॉन बाउल्स, वेटलिफ्टिंग और पारा पावरलिफ्टिंग में पदक जीतने की उम्मीद है. भारत ने बर्मिंघम में पिछली बार हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में इन खेलों में 31 मेडल जीते थे, जिसमें 8 गोल्ड रहे थे. भारत ने पिछली बार सबसे ज्यादा गोल्ड रेसलिंग और टेबल टेनिस में जीते थे. मगर वो दोनों खेल ही ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का हिस्सा नहीं हैं. ऐसे में भारत की मेडल टैली पर इसका असर देखने मिल सकता है.