गुड़गांव के एंबियंस मॉल में टाइटन शोरूम से सवा 6 लाख की लग्जरी घड़ियां चोरी
गुड़गांव के एंबियंस मॉल स्थित टाइटन शोरूम से 6.25 लाख की 4 विदेशी घड़ियां चोरी। पुलिस जांच जारी।
गुड़गांव : सबसे सुरक्षित माने जाने वाले गुड़गांव के एंबियंस मॉल में बने टाइटन के शोरूम से लाखों रुपए की विदेशी घड़ियां चोरी हो गई। चोरी हुई घड़ियों की कीमत करीब सवा 6 लाख रुपए बताई जा रही है। डीएलएफ फेज-3 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, स्टोर मैनेजर कमलजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके स्टोर में 12 युवक-युवतियां कार्यरत हैं और स्टोर सुबह साढ़े 10 से रात साढ़े 10 बजे तक खुला रहता है। कल स्टोर को बंद करने से पहले जब स्टॉक का मिलान किया जा रहा था तो उसमें चार घड़ियां कम मिली। इन घड़ियों की कीमत करीब सवा 6 लाख रुपए है। अपने स्तर पर जांच की तो पाया कि स्टोर में दो अस्गत को शाम करीब सवा 5 बजे से साढ़े 6 बजे के बीच दो व्यक्ति व एक महिला स्टोर से दो घड़ियां चोरी करते दिखाई दिए हैं। इसके बाद 22 अगस्त को भी कुछ इसी तरह से महिला व पुरुष रात करीब साढ़े 8 बजे स्टोर में आए और पौने 9 बजे तक घड़ियां चोरी कर ले गए।। इस शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को कब्जे में लिया है।