गुड़गांव पहुंचे सीएम नायब सैनी को कांग्रेसियों ने दिखाए काले झंडे, लगाए ‘Go Back’ के नारे

गुड़गांव में कष्ट निवारण समिति की बैठक में पहुंचे सीएम नायब सैनी को कांग्रेसियों ने दिखाए काले झंडे। अतिक्रमण और यूनिवर्सिटी मुद्दों पर जमकर किया विरोध।

गुड़गांव : गुड़गांव प्रशासन मेंं आज उस वक्त हड़कंप मच गया जब कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करने पहुंच रहे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को कांग्रेसियों ने काले झंडे दिखा दिए। मुख्यमंत्री का विरोध करते हुए कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी Go Back के नारे लगा दिए। मुख्यमंत्री का विरोध किए जाने का नजारा जब यहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने देखा तो वह मौके पर दौड़े आए और उन्होंने कांग्रेसियों को सड़क से हटाया।

दरअसल, गुड़गांव में अतिक्रमण हटाओ अभियान को जोरशोर से चलाया जा रहा है। डीएलएफ में पीजी सील किए जाने के साथ ही तोड़ फोड़ की जा रही है। पुराने गुड़गांव के भी हालात कुछ इसी तरह के हो गए हैं जहां नगर निगम का बुलडोजर अपना कहर बरपा रहा है। इसके विरोध में पिछले दिनों कांग्रेसियों ने डीएलएफ के निवासियों के साथ पंचायत भी की थी, और मुख्यमंत्री सहित गुड़गांव प्रशासन को चेतावनी भी दी थी। आज जब मुख्यमंत्री गुड़गांव में कष्ट निवारण समिति की बैठक में आए तो उन्होंने मुख्यमंत्री का विरोध कर दिया। जोन हॉल मेंं आयोजित होने वाली बैठक के लिए जब मुख्यमंत्री का काफिला सिविल लाइन्स रोड से गुजरा तो कांग्रेसी एक साथ एकत्र होकर सड़क पर आ गए और मुख्यमंत्री के काफिले को काले झंडे दिखाते हुए मुख्यमंत्री वापस जाओ के नारे लगाने लगे।

कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर के मुताबिक, आज मुख्यमंत्री गुरुग्राम यूनिवर्सिटी में जेन-जी के साथ संवाद करने जा रहे हैं। इसी यूनिवर्सिटी में कई खामियां हैं। फर्स्ट सेमेस्टर के छात्रों का रिजल्ट तक नहीं आया है। जो छात्र यहां से पासआउट हो चुके हैं उन्हें मार्कशीट तक नहीं मिली है। वहीं, ट्रांसपोर्टेशन की भी सुविधा नहीं है। इसके अलावा भी कई अनेक खामियां हैं जिन्हें प्रदेश सरकार ने नजरअंदाज किया है। गुड़गांव की दशा सुधारने की बजाय लगातार खराब की जा रही है। इसी के विरोध में ही आज वह सड़कों पर उतरे और कांग्रेस के अन्य जिला स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ मुख्यमंत्री का विरोध किया है। कांग्रेस के इस प्रदर्शन ने गुड़गांव प्रशासन की नींद उड़ा दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.