गुरुग्राम: खाना बनाने के विवाद में पति ने की पत्नी की हत्या, ऐसे खुला राज

गुरुग्राम के बादशाहपुर में पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या की और पुलिस को शराब से मौत होने का झूठ बोला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला राज, आरोपी गिरफ्तार।

गुड़गांव : खाना बनाने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या करने का मामला सामने आया है। हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए पत्नी की मौत अत्याधिक शराब सेवन किए जाने से बताया। जब पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया तो महिला की मौत गला दबाकर हत्या किया जाना सामने आया जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और हत्या की धाराओं के तहत केस दर्ज करते हुए आरोपी पति को टीकली रोड बादशाहपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान दिनेश (उम्र 35 वर्ष) निवासी गांव आलम नगर, जिला लखनऊ (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी गांव बादशाहपुर गुरुग्राम (हरियाणा) के रूप में हुई।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतका तलमई किसकू उसकी पत्नी थी तथा दोनों गुरुग्राम में मजदूरी का कार्य करते थे। 14 जुलाई की रात्रि को वह शराब पीकर घर आया और अपनी पत्नी से खाना बनाने के लिए कहा। पत्नी द्वारा मना करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी रंजिश में आरोपी ने अपने हाथों एवं एक कपड़े से पत्नी का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद वह मौके से चला गया तथा अपने बचाव के लिए पुलिस के समक्ष झूठे बयान दिए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ की जाएगी।

आपको बता दें कि 16 जुलाई को बादशाहपुर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव बादशाहपुर स्थित सब्जी मंडी के निकट बनी झुग्गियों में झुग्गी नंबर-24 में एक महिला मृत अवस्था में पड़ी हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच के दौरान मृतका के पति दिनेश द्वारा पुलिस को बताया गया कि उसकी पत्नी की मृत्यु अत्यधिक शराब पीने के कारण हुई है। इस पर पुलिस द्वारा नियमानुसार धारा 194 BNSS के तहत कार्रवाई की गई। शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम में साफ हुआ कि महिला की मृत्यु का कारण गला दबाने (Ante Mortem Manual Neck Compression) से दम घुटने से हुई है।

 

वहीं, 17 जुलाई को झुग्गी मालिक विकास ने पुलिस को शिकायत दी कि मृतका तलमई किसकू अपने पति दिनेश के साथ पिछले लगभग एक माह से उसकी झुग्गी में किराये पर रह रही थी। दोनों पति-पत्नी प्रतिदिन शराब का सेवन करते थे तथा उनके बीच अक्सर आपसी कहासुनी व झगड़ा होता रहता था। 14 जुलाई की रात को भी दोनों के बीच शराब पीने के बाद विवाद हुआ था। 16 जुलाई को महिला झुग्गी में मृत अवस्था में मिली। विकास ने बताया कि दिनेश ने शराब के नशे में हुए विवाद की रंजिश रखते हुए अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी तथा स्वयं को बचाने के उद्देश्य से पुलिस के समक्ष झूठी जानकारी देकर मृत्यु का कारण अत्यधिक शराब पीना बताया। बादशाहपुर थाना पुलिस ने हत्या की धाराओं के तहत केस दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.