गुरुग्राम पुलिस का बड़ा एक्शन, HCG गैस कनेक्शन काटने का डर दिखाकर ठगी करने वाले बिहार से दबोचे गए

गुरुग्राम में HCG गैस बिल पेंडिंग का डर दिखाकर ₹1.64 लाख की साइबर ठगी। फर्जी APK फाइल भेजने वाले गिरोह को सिम कार्ड सप्लाई करने वाले बिहार से गिरफ्तार।

गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में HCG गैस बिल पेंडिंग होने और कनेक्शन काटने का डर दिखाकर लाखों रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। गुरुग्राम पुलिस ने इस साइबर फ्रॉड में फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध कराने वाले गिरोह के दो गुर्गों को बिहार के बांका जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ‘HCG BILL UPDATE.apk’ नामक फर्जी फाइल भेजकर एक पीड़ित के खाते से 1,64,900 रुपये उड़ा लिए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड भी बरामद किए हैं।

💸 1,000 रुपये में खरीदा और 1,500 में बेचा फर्जी सिम: रेजरपे जैसे फर्जी पेमेंट गेटवे का झांसा देकर दिया वारदात को अंजाम

जांच में सामने आया कि पीड़ित को व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर 12 रुपये के बिल भुगतान के लिए एक लिंक खोलने को कहा गया था, जिसके बाद क्रेडिट कार्ड से लेनदेन के दौरान उसके खाते से पैसे साफ हो गए। साइबर क्राइम टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी निर्मल कुमार और गोपी कुमार यादव को बांका से गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि निर्मल ने दूसरों के नाम पर धोखाधड़ी से सिम निकालकर गोपी को 1,000 रुपये में बेचे थे, जिसे गोपी ने आगे 1,500 रुपये में ठगों को सप्लाई कर दिया। पुलिस फिलहाल दोनों को रिमांड पर लेकर पूरे नेटवर्क का सुराग लगाने में जुटी हुई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.