गुरुग्राम में मंदिर और गौशाला तोड़े जाने पर भड़के विधायक, अभय चौटाला के बयान पर भी दी प्रतिक्रिया
कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने हांसी में बीजेपी सरकार पर साधा निशाना। हरियाणा में छात्र संघ चुनाव कराने की मांग और गुरुग्राम मंदिर-गौशाला मामले पर घेरा।
हांसी: बादली से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा. दिल्ली छात्र संघ चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि युवाओं को राजनीति में आगे आने का मौका मिलना चाहिए और हरियाणा में भी छात्र संघ चुनाव करवाए जाने चाहिए. वहीं प्रदेश में बढ़ते अपराध, भ्रष्टाचार, सफाई कर्मचारियों की मांगों और गुरुग्राम में मंदिर-गौशाला तोड़े जाने के मुद्दे पर सरकार को घेरा.
‘हरियाणा में छात्रसंघ चुनाव होने चाहिए’: कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स ने दिल्ली में हो रहे छात्र संघ चुनाव को लेकर कहा कि कांग्रेस समर्थित पैनल के चारों उम्मीदवार मैदान में हैं और अच्छे परिणाम की उम्मीद है. हरियाणा में छात्र संघ चुनाव नहीं होने के सवाल पर कुलदीप वत्स ने कहा कि युवाओं को अपना नेतृत्व चुनने का अधिकार मिलना चाहिए. बीजेपी को हार का डर है. छात्र राजनीति से ही अच्छे नेता निकलते हैं, इसलिए हरियाणा में भी छात्र संघ चुनाव होने चाहिए.
अभय चौटाला पर साधा निशाना: अभय चौटाला द्वारा खापों को लेकर दिए गए बयान पर कुलदीप वत्स ने कहा कि अभय चौटाला को मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए. उनका मानसिक संतुलन ठीक नहीं है. कब क्या बोल दें. किसके बारे में. ये पता नहीं है. उन्होंने चौधरी देवीलाल को महान किसान नेता बताते हुए कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन नेताओं और वरिष्ठ लोगों के प्रति सम्मानजनक भाषा का इस्तेमाल होना चाहिए.
क्या कहा था अभय चौटाला ने? अभय चौटाला ने हरियाणा के कैबिनेट मंत्री महिपाल ढांडा पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें ‘जाट समाज पर कलंक’ कह दिया था. उन्होंने कथित तौर पर विरोध करने वालों को ‘बिके हुए लोग’ बोल दिया था. जिसके बाद से ढांडा खाप अभय चौटाला का विरोध कर माफी मांगने की मांग कर रही है. अभय चौटाला ने माफी मांगने से भी इंकार कर दिया है.
बीजेपी पर साधा निशाना: विधायक कुलदीप वत्स ने जनस्वास्थ्य मंत्री रणबीर गंगवा के कांग्रेस को मुद्दाविहीन बताए जाने वाले बयान पर पलटवार किया. उन्होंने कहा कि अगर सरकार को लगता है कि कांग्रेस झूठ बोल रही है, तो सरकार सामने आकर बताए कि प्रदेश में अपराध, फिरौती और भ्रष्टाचार नहीं हो रहा. उन्होंने हरियाणा में बढ़ते अपराध को लेकर सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए और कहा कि आए दिन हत्या और धमकियों की घटनाएं सामने आ रही हैं.
गुरुग्राम में मंदिर और गौशाला तोड़ने पर प्रतिक्रिया: गुरुग्राम में मंदिर और गौशाला तोड़े जाने के मामले पर भी कुलदीप वत्स ने सरकार को घेरा. उन्होंने आरोप लगाया कि रात के अंधेरे में मंदिर और गौशाला को तोड़ा गया और मलबा हटाया गया. उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार खुद को सनातनी बताती है और दूसरी तरफ मंदिरों और गौशालाओं को तोड़े जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं. कुलदीप वत्स ने कहा कि वह इस मामले में होने वाली महापंचायत का समर्थन करेंगे और अन्याय के खिलाफ लोगों के साथ खड़े रहेंगे.
‘सरकारी दफ्तरों में भ्रष्टाचार का बोलबाला’: कांग्रेस विधायक ने आरोप लगाया कि प्रदेश के सरकारी दफ्तरों में भ्रष्टाचार का बोलबाला है. उन्होंने कहा कि लोगों से रिश्वत लेने के साथ-साथ उन्हें अपमानित भी किया जा रहा है. अवैध कॉलोनियों और अवैध कब्जों के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार से जवाब मांगा. वही सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर कुलदीप वत्स ने कहा कि सरकार पहले कर्मचारियों की मांगों को मानने से इनकार करती है और बाद में वही मांगें स्वीकार कर लेती है. उन्होंने सवाल उठाया कि चुनाव के समय किए गए वादे पूरे क्यों नहीं किए जाते. उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को पक्का करने हरियाणा पुलिस के जवानों को पंजाब के बराबर वेतन देने और अग्निवीरों को पक्का करने जैसे वादे किए गए थे. सरकार को बताना चाहिए कि ये वादे किसने किए थे और अब उन्हें पूरा क्यों नहीं किया जा रहा.