मंत्री अरविंद शर्मा ने गोहाना को दी 4 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात, विपक्ष पर साधा निशाना
मंत्री अरविंद शर्मा ने गोहाना में 4.57 करोड़ की लागत से बने मैकेनिकल वर्कशॉप का किया शुभारंभ। धान खरीद और गन्ने के भाव पर दिया बड़ा बयान।
सोनीपत: जिले के गोहाना क्षेत्र को मंत्री अरविंद शर्मा ने तीन विकास परियोजनाओं की सौगात दी. कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने करीब 4 करोड़ 57 लाख रुपये की लागत से तैयार मैकेनिकल वर्कशॉप का शुभारंभ किया. इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर सदन नहीं चलने देने का आरोप लगाया.
1 करोड़ 80 लाख की लागत से सात पुलिया बनाः मंत्री ने कहा कि “बाढ़ और प्राकृतिक आपदा जैसी परिस्थितियों में यह वर्कशॉप महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और जरूरत के समय वार रूम की तरह काम करेगी. वहीं खानपुर गांव में लंबे समय से चली आ रही जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए करीब 60 लाख रुपये की लागत से पाइपलाइन बिछाने का काम पूरा किया गया है. इसके अलावा वजीरपुर-खंदराई ड्रेन पर करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से सात पुलियाओं का निर्माण किया गया है. मंत्री ने इन विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और सिंचाई विभाग का आभार जताते हुए कहा कि “क्षेत्र में विकास का पहिया लगातार चलता रहेगा.”
गन्ने के भाव पर सरकार कर रही है मंथनः गन्ने के भाव बढ़ाने की किसानों की मांग पर मंत्री ने कहा कि “सरकार के स्तर पर बातचीत और मंथन जारी है और इस पर मिलकर फैसला लिया जाएगा. वहीं सफाई कर्मचारियों की 37 दिन चली हड़ताल खत्म होने पर मंत्री ने कर्मचारियों को अपना भाई और साथी बताते हुए सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच बातचीत से समाधान निकलने की बात कही.”
15 सितंबर से धान खरीद खरीद शुरू के लिए हो रही है व्यवस्थाः धान खरीद को लेकर भी मंत्री ने सरकार की तैयारियों का दावा किया. उन्होंने कहा कि सरकार और संबंधित महकमा खरीद के लिए पूरी तरह तैयार हैं और 15 सितंबर से खरीद शुरू करने की मांग पर भी व्यवस्थाएं की जा रही हैं. मंडियों में व्यवस्थाओं की कमी के सवाल पर मंत्री ने कहा कि खरीद शुरू होने के बाद सामने आने वाली कमियों को भी दुरुस्त किया जाएगा.
जनता के सवालों से जुड़ा होता है प्रश्नकाल: विधानसभा में विपक्ष के हंगामे पर डॉ. अरविंद शर्मा ने विपक्ष को घेरते हुए कहा कि “प्रश्नकाल जनता के सवालों से जुड़ा होता है, इसलिए इसे बाधित नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि अलग-अलग विभागों से जुड़े सवाल विधायक जनता की ओर से उठाते हैं और सरकार उनका जवाब देती है. ऐसे में प्रश्नकाल को चलने देना विपक्ष की भी जिम्मेदारी है. विपक्ष हल्ला करती है.”
विपक्ष की ओर से भ्रष्टाचार के आरोप पर बोले मंत्रीः वहीं सरकार पर कॉलोनियां काटने और भ्रष्टाचार के विपक्ष के आरोपों पर मंत्री ने इन आरोपों को विपक्ष की अपनी सोच बताया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार बेहतर तरीके से काम कर रही है और सभी विधायक अपने-अपने दायित्व निभा रहे हैं.