गोपालगंज: कटहल चोरी के आरोप में युवक को सरेआम मारा चाकू, ग्रामीणों ने आरोपी को पेड़ से बांधकर पीटा
गोपालगंज के मठिया गांव में कटहल चोरी को लेकर विवाद। युवक अफरोज पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी को पेड़ से बांधकर पीटा। पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार।
बिहार के गोपालगंज जिले में कटहल चोरी करने के आरोप में एक युवक के ऊपर ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया. घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. युवक का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. वहीं चाकू मारने वाले आरोपी की ग्रामीणों ने पकड़कर जबरदस्त पिटाई कर दी. घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस पूरे मामले की निगरानी में लगी हुई है.
मिली खबर के अनुसार जिले के सदर थाना क्षेत्र स्थित मठिया गांव में एक युवक ने अफरोज नाम के युवक पर कटहल चोरी का आरोप लगाया था. इस बात को लेकर अफरोज और आरोपी युवक के बीच पहले जमकर बहस हुई. इसके बाद अचानक आरोपी युवक ने चाकू निकालकर अफरोज के ऊपर हमला कर दिया. आरोप है कि युवक ने अफरोज के ऊपर एक के बाद एक तीन बार चाकू मारा.
चाकू लगने के बाद अफरोज खून से लथपथ होकर वहीं पर गिर पड़ा. अफरोज की चीख सुनकर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. गुस्साए लोगों ने आरोपी युवक को पहले पेड़ से बांध दिया और उसके बाद जमकर उसकी पिटाई की. इस पूरी घटना के बाद गांव में देर तक तनाव का माहौल बना रहा.
इधर घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम और नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने किसी तरह आरोपी को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया और उसे हिरासत में ले लिया. घायल को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है.
उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. वहीं घटना के बाद नगर थाने के एएसआई ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. मामले की जांच की जा रही है. घटना के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है.