ग्रेटर नोएडा: ईकोटेक-3 में फैक्टरी से सामान चोरी करने वाले 5 कर्मचारी गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 में अपनी ही फैक्टरी में चोरी करने वाले 5 कर्मचारियों को पुलिस ने दबोचा। इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद। फैक्टरी मालिक की शिकायत पर हुई कार्रवाई।
ग्रेटर नोएडा । सेक्टर ईकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र स्थित फैक्टरी में काम करने वाले कर्मचारियों पर चोरी करने का आरोप लगा है। फैक्टरी मालिक की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पांच कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से चोरी किया गया सामान बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक फैक्टरी मालिक धर्मेंद्र पांडे की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। धर्मेंद्र पांडे ने पुलिस को बताया कि उद्योग केंद्र-2 में उनकी फैक्टरी है। आरोप है कि फैक्टरी में काम करने वाले कर्मचारी सामान चोरी कर रहे हैं। फैक्टरी प्रबंधन की जांच में कर्मचारियों द्वारा चोरी करने के बारे में पता चला।
कोतवाली प्रभारी का कहना है कि इस मामले में कार्रवाई कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान ऋषभ मिश्रा निवासी चंदपुरा मैनपुरी, संतोष कुमार निवासी खोड़ा कॉलोनी गाजियाबाद, जीशान निवासी दादरी, भारती निवासी खड्डा कॉलोनी ग्रेटर नोएडा और मोनू निवासी सूरजपुर के रूप में हुई। पुलिस ने इनके पास से फैक्टरी से चोरी किया गया इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया। पुलिस इनसे घटना के बारे में पूछताछ कर रही है।