ग्रेटर नोएडा की 130 मीटर सड़क 4 एक्सप्रेसवे को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ेगी
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की 130 मीटर चौड़ी सड़क नोएडा एयरपोर्ट को 4 एक्सप्रेसवे से जोड़ेगी। NHAI द्वारा बनने वाली यह सड़क गाजियाबाद से जेवर तक सीधी कनेक्टिविटी देगी।
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की 130 मीटर चौड़ी सड़क जल्द ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) को चार प्रमुख एक्सप्रेसवे से जोड़ने का काम करेगी। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के अनुसार, इस सड़क के बनने से एनएच-24, जेवर लिंक एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे और पलवल-खुर्जा एक्सप्रेसवे के बीच सीधी कनेक्टिविटी स्थापित हो जाएगी। वर्तमान में सिरसा से चार मूर्ति (ग्रेटर नोएडा वेस्ट) होते हुए एनएच-24 तक बनी इस सड़क का विस्तार अब सीधे एयरपोर्ट से आगे पलवल-खुर्जा एक्सप्रेसवे तक किया जाएगा, जिससे गाजियाबाद, हापुड़ और मेरठ के वाहन सीधे जेवर एयरपोर्ट पहुंच सकेंगे।
🛣️ परी चौक पर ट्रैफिक जाम से मिलेगी मुक्ति: NHAI करेगा निर्माण और 20 से अधिक सेक्टरों को मिलेगा सीधा फायदा
यमुना विकास प्राधिकरण के महाप्रबंधक (परियोजना) राजेंद्र भाटी के अनुसार, 130 मीटर चौड़ी इस सड़क का निर्माण भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) करेगा, जबकि इसके लिए बजट यीडा प्रदान करेगा। सड़क की यीडा क्षेत्र में लंबाई करीब 29 किलोमीटर होगी और इसके लिए 812 एकड़ भूमि अधिग्रहित की जानी है। इस रोड के बनने से आगरा, मथुरा और अलीगढ़ की ओर से आने वाले लोगों को अब परी चौक जाने की आवश्यकता नहीं होगी। साथ ही यीडा क्षेत्र के सेक्टर-1 से लेकर 31बी तक 20 से अधिक आवासीय और औद्योगिक सेक्टर आपस में सीधे जुड़ जाएंगे।