ग्रेटर नोएडा लॉजिस्टिक हब से जेवर एयरपोर्ट तक बनेगी 6 लेन एलिवेटेड रोड, माल ढुलाई होगी आसान

बोड़ाकी लॉजिस्टिक हब को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ने के लिए 6 लेन एलिवेटेड रोड बनेगी। जानें पूरी योजना।

ग्रेटर नोएडा में बोड़ाकी के पास प्रस्तावित मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक हब (एमएमएलएच) को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सीधे जोड़ा जाएगा। इसके लिए छह लेन की एलिविटेड रोड बनेगी, जो विशेष रूप से मालवाहक वाहनों के लिए समर्पित होगी। इससे माल ढुलाई आसान हो जाएगी। मालवाहक वाहन जाम में नहीं फंसेंगे।

महायोजना-2041 में संशोधन करते हुए ग्रेटर नोएडा में माल वाहन और यात्री आवागमन को अलग-अलग करने की विस्तृत योजना बनाई गई है। सोमवार को लखनऊ में प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने इस योजना का प्रस्तुतिकरण दिया। बैठक में अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार भी मौजूद रहे।

नोएडा एयरपोर्ट से हवाई जहाजों की उड़ान शुरू होने के बाद शहर में ट्रैफिक के बढ़ते दबाव को देखते हुए प्राधिकरण ने मास्टर प्लान-2041 में संशोधन का प्रस्ताव तैयार किया है। इसके तहत मालवाहक वाहन और यात्री वाहनों की आवाजाही को अलग-अलग किया जाएगा। इससे जाम की समस्या का समाधान हो सकेगा। ग्रेटर नोएडा के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक छह लेन की एलिवेटेड रोड मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर एयरपोर्ट तक प्रस्तावित है, ताकि माल सीधे एयर कार्गो टर्मिनल तक पहुंच सके।

लॉजिस्टिक हब रेलवे लाइन से भी जुड़ेगा

यह एलिवेटेड रोड वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के समानांतर होगा। यह लगभग 40 किलोमीटर लंबा होगा। लॉजिस्टिक हब को रेलवे लाइन से भी जोड़ा जाएगा। इससे भी माल ढुलाई आसान हो जाएगी।

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में तीव्र गति से विकास हो रहा : नंदी

प्रस्तावित योजना के प्रस्तुतिकरण के दौरान औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा उत्तर प्रदेश का मुकुट बनकर उभरा है। उद्योग और आमजन की सुविधा के लिए जन-उपयोगी योजनाएं बनाई जा रही हैं। औद्योगिक विकास मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में नए भारत का नया उत्तर प्रदेश आज हर क्षेत्र में प्रगति के राह पर अग्रसर है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में तीव्र गति से विकास हो रहा है। उद्योग और व्यापार को ध्यान में रखते हुए जन उपयोगी योजनाएं बनाए जाने की आवश्यकता है। जिसके लिए हमारी डबल इंजन की सरकार तत्पर है।

हापुड़ बाईपास तक 105 मीटर चौड़ी सड़क बनेगी

आवागमन को सुगम बनाने के लिए 105 मीटर चौड़ी सड़क का विस्तार हापुड़ बाईपास तक किया जाएगा। ग्रेटर नोएडा के अल्फा-1 कॉमर्शियल बेल्ट के पास से शुरू होने वाली यह प्रमुख सड़क अभी जुनपत गांव के पास तक बनी है। इसे ईस्टर्न पेरिफेरल से भी जोड़ा जाएगा। भविष्य में हापुड़ बाईपास से आगे सीधे गंगा एक्सप्रेसवे से भी जोड़ा जाएगा। इससे गंगा एक्सप्रेसवे तक का सफर घटकर 30 से 45 मिनट रह जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.