चंडीगढ़: राहुल गांधी की हिरासत के विरोध में कांग्रेस का राजभवन मार्च

दिल्ली में राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में हरियाणा कांग्रेस ने चंडीगढ़ में राजभवन की ओर मार्च निकाला। पुलिस ने नेताओं को हिरासत में लिया।

चंडीगढ़: राहुल गांधी को दिल्ली में हिरासत में लिए जाने के विरोध में हरियाणा कांग्रेस ने मंगलवार रात चंडीगढ़ में राजभवन की ओर पैदल मार्च निकाला. हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में निकले इस मार्च को पुलिस ने कांग्रेस कार्यालय से कुछ दूरी पर ही रोक दिया. इसके बाद प्रदेशाध्यक्ष, विधायकों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर सेक्टर-17 पुलिस थाने ले जाया गया. बाद में सभी नेताओं को रिहा कर दिया गया.

थाने में दिया धरना, जमकर की नारेबाजी: सेक्टर-17 थाने पहुंचने के बाद कांग्रेस विधायक और नेता जमीन पर बैठ गए तथा केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. कांग्रेस का कहना था कि उनका उद्देश्य राज्यपाल के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपना था. प्रदर्शन में 18 विधायक समेत बड़ी संख्या में पूर्व विधायक, जिला अध्यक्ष, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे.

राहुल गांधी की हिरासत पर कांग्रेस का हमला: हरियाणा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि दिल्ली में राहुल गांधी को उस समय हिरासत में लिया गया, जब वे संसद में NEET पेपर लीक मुद्दे पर चर्चा और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध जता रहे थे. पार्टी ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि, “छात्रों के भविष्य और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण मार्च निकाला जा रहा था, लेकिन पुलिस ने हमें रास्ते में ही हिरासत में ले लिया. लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करना हमारा अधिकार है.”

संजय दत्त बोले- “छात्रों की आवाज नहीं दबाई जा सकती”: वहीं, हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि, “देशभर में छात्रों के अधिकारों और उनके भविष्य की रक्षा के उद्देश्य से यह विरोध-मार्च आयोजित किया गया था. सरकार चाहे जितनी कोशिश कर ले, छात्रों और युवाओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता.”

“यह आंदोलन बड़ी क्रांति बनेगा”: दिल्ली में हिरासत में लिए गए राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि, “यह आंदोलन अब एक बड़ी क्रांति का रूप लेगा. हमें जेल में बंद किया जा सकता है, लेकिन पेपर लीक से प्रभावित युवाओं की लड़ाई नहीं रुकेगी. मोदी सरकार को जवाब देना पड़ेगा.”

सांसदों ने संसद परिसर में भी किया विरोध: इससे पहले संसद भवन के बाहर रोहतक सांसद दीपेंद्र हुड्डा, हिसार सांसद जयप्रकाश जेपी, अंबाला सांसद वरुण मुलाना और सोनीपत सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने पेपर लीक के विरोध में नारेबाजी की और पोस्टर प्रदर्शन किया. वहीं, पंचकूला कांग्रेस अध्यक्ष संजय चौहान कार्यकर्ताओं के साथ चंडीगढ़ पहुंचे.

Leave A Reply

Your email address will not be published.