चंडीगढ़: सरकारी स्कूलों के कंप्यूटर स्टाफ का लंबित वेतन जारी करने के निर्देश
हरियाणा के सरकारी स्कूलों में कार्यरत कंप्यूटर फैकल्टी और लैब अटेंडेंट का अप्रैल-मई का लंबित मानदेय जारी करने के निर्देश। लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई।
चंडीगढ़: हरियाणा के सरकारी स्कूलों में कार्यरत कम्प्यूटर फैकल्टी और कम्प्यूटर लैब अटेंडेंट के लिए राहत भरी खबर है। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने अप्रैल और मई 2026 का लंबित मानदेय जारी करने को लेकर सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, जिला प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों और स्कूलों के प्रधानाचार्यों एवं डी.डी.ओ. को सख्त निर्देश जारी किए हैं। निदेशालय की ओर से 22 जुलाई 2026 को जारी आदेश में कहा गया है कि बजट उपलब्ध होने और पहले भी निर्देश जारी किए जाने के बावजूद कई स्कूलों में अब तक अप्रैल और मई का भुगतान नहीं किया गया है।
विभाग ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित अधिकारियों को 24 जुलाई 2026 तक हर हाल में वेतन जारी करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वेतन जारी होने के बाद कर्मचारियों का डेटा हरियाणा कांट्रैक्चुअल एम्प्लॉयी के तहत निर्धारित पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।
इसके साथ ही ओ.टी.पी. वैरीफिकेशन सहित सभी औपचारिकताएं 31 जुलाई 2026 तक पूरी करना अनिवार्य होगा। निदेशालय ने आदेश में चेतावनी दी है कि यदि वेतन जारी करने या अन्य औपचारिकताओं में किसी प्रकार की देरी या लापरवाही हुई तो संबंधित प्रधानाचार्य और डी.डी.ओ. को व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार माना जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।