चंडीगढ़: हरियाणा मानव संसाधन विभाग में डेपुटेशन पर 32 पद खाली

हरियाणा सरकार ने मानव संसाधन विभाग में डेपुटेशन के आधार पर 32 पदों के लिए आवेदन मांगे हैं। सहायक, क्लर्क, स्टेनो और अधीक्षक के पदों पर होगी भर्ती।

चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार ने  मानव संसाधन विभाग में प्रतिनियुक्ति (डेपुटेशन) के आधार पर 32 पदों को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इन पदों के लिए राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में कार्यरत पात्र नियमित अधिकारी एवं कर्मचारी आवेदन कर सकेंगे।

विभाग   द्वारा जारी एक पत्र के अनुसार विभाग में आठ विभिन्न श्रेणियों के पद भरे जाएंगे। इनमें 13 सहायक, 6 लिपिक, 3 अधीक्षक, 3 निजी सहायक, 3 स्टेनो-टाइपिस्ट, 2 जूनियर स्केल स्टेनोग्राफर, 1 निजी सचिव  तथा 1 चालक का पद शामिल है। प्रतिनियुक्ति के आधार पर की जाने वाली ये नियुक्तियां हरियाणा सिविल सेवा (सामान्य) नियम, 2016 के प्रावधानों के अनुसार की जाएंगी।

सरकार ने प्रत्येक पद के लिए अलग-अलग पात्रता मानदंड निर्धारित किए हैं। अधिकांश पदों के लिए समकक्ष पद पर कम से कम तीन वर्ष का अनुभव आवश्यक होगा, जबकि जूनियर स्केल स्टेनोग्राफर के पद के लिए दो वर्ष का अनुभव निर्धारित किया गया है।

अधीक्षक के पद के लिए ऐसे कर्मचारी भी पात्र होंगे, जिन्होंने सहायक अथवा उप अधीक्षक के रूप में आठ वर्ष से अधिक सेवा की हो। इसी प्रकार, निजी सहायक के रूप में आठ वर्ष से अधिक अनुभव रखने वाले कर्मचारी निजी सचिव के पद के लिए आवेदन कर सकेंगे।

सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे इच्छुक एवं पात्र कर्मचारियों के आवेदन, निर्धारित प्रारूप में उनका बायोडाटा तथा पिछले पांच वर्षों की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (एसीआर) का सारांश संलग्न कर पत्र जारी होने की तिथि से 30 दिनों के भीतर मानव संसाधन विभाग को भेजें।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि केवल उन्हीं कर्मचारियों के नाम भेजे जाएं, जिनके विरुद्ध कोई अनुशासनात्मक कार्यवाही, सतर्कता जांच अथवा दंड लंबित न हो। विभागों से ऐसे अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अनुशंसा करने को भी कहा गया है, जिन्हें चयन होने पर तत्काल कार्यमुक्त किया जा सके।

इच्छुक कर्मचारी अपने आवेदन की अग्रिम प्रति सीधे मानव संसाधन विभाग को भी भेज सकते हैं। हालांकि, साक्षात्कार अथवा चयन प्रक्रिया में शामिल होने से पहले उन्हें अपने मूल विभाग से अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.