चरखी दादरी: मंत्री अरविंद शर्मा का बड़ा एलान, जिले में जल्द बनेगी नई आधुनिक जेल
कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा ने चरखी दादरी में कष्ट निवारण समिति की बैठक ली। जिले में नई आधुनिक जेल बनाने की घोषणा और 'कॉकरोच जनता पार्टी' ट्रेंड पर दिया करारा जवाब।
चरखी दादरी: हरियाणा के सहकारिता मंत्री अरविंद शर्मा ने चरखी दादरी में राजनीतिक मुद्दों से लेकर सोशल मीडिया ट्रेंड्स पर खुलकर बात की. सोशल मीडिया पर हाल ही में वायरल हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के ट्रेंड को लेकर मंत्री ने ठहाका लगाते हुए कहा कि “विपक्ष चाहे जो भी नैरेटिव चलाए, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सोच पूरी तरह से युवाओं और उनके सुनहरे भविष्य पर केंद्रित है.”
चरखी दादरी में कष्ट निवारण समिति की बैठक: कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा ने भाजपा कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि सोशल मीडिया पर चाहे कुछ भी ट्रेंड करे, सरकार के सकारात्मक पक्ष और विकास कार्यों को जनता के बीच मजबूती से रखना उनकी जिम्मेदारी है. बता दें कि मंत्री अरविंद शर्मा ने दादरी में आयोजित जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में शिरकत की और जनता की समस्याएं सुनीं.
‘महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा दे रही पार्टी’: कैबिनेट मंत्री ने बताया कि “प्रदेश में हर वर्ग के विकास के लिए समान रूप से कार्य किए जा रहे हैं. आने वाले समय में युवाओं के लिए कई नई और कल्याणकारी योजनाएं धरातल पर उतारी जाएंगी.” भाजपा की नवनियुक्त हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर अर्चना गुप्ता की नियुक्ति पर कहा कि “भाजपा महिलाओं को संगठन और सरकार में पूरा मान-सम्मान दे रही है. ये नियुक्ति इस बात का प्रमाण है कि पार्टी महिला सशक्तिकरण को लगातार बढ़ावा दे रही है.”
चरखी दादरी को मिलेगी नई जेल? हरियाणा की जेलों की सुरक्षा और वहां से आने वाली कथित धमकियों के सवालों पर सहकारिता मंत्री ने साफ किया कि जेलों के अंदर से कोई आपराधिक धमकियां नहीं आ रही हैं. सभी जेलों में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध हैं. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को उन्होंने पुराना बताते हुए कहा कि उनकी जांच पहले ही की जा चुकी है. मंत्री ने कहा कि अगर किसी को जेल प्रशासन या सुरक्षा को लेकर कोई शिकायत है, तो लोग सीधे मुझे फोन कर सकते हैं. शिकायत मिलते ही तुरंत और ठोस कार्रवाई अमल में लाई जाएगी. मंत्री ने कहा कि दादरी जिले में जल्द ही एक नई और आधुनिक जेल का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी.