चोरी के 20 लाख के जेवरात खरीदने वाला सुनार गिरफ्तार, श्रीकुंज बिहारी ज्वेलर्स के मालिक से बरामद हुआ सोना
अंबाला में चोरी के 15 से 20 लाख रुपये के सोने और डायमंड जेवरात खरीदने वाला सुनार गिरफ्तार। पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई।
अंबाला : अंबाला सदर थाना पुलिस ने चोरी के लाखों के जेवरात खरीदने वाले ज्वेलर्स को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अंबाला छावनी के श्रीकुंज बिहारी ज्वेलर्स के मालिक करण को गिरफ्तार करके उसके कब्जे से लगभग 15 से 20 लाख रुपए के सोने के डायमंड वाले जेवरात बरामद किए हैं। इससे पहले पुलिस इस मामले में दो आरोपियों और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर चुकी है।
अंबाला कैंट सदर थाना प्रभारी धर्मवीर सैनी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि तोपखाना माल रोड निवासी नरेश कुमार के घर 9 सितंबर को चोरी हुई थी। चोर घर की अलमारी से 15 से 20 लाख रुपए के सोने के जेवरात और नगदी लेकर फरार हो गए थे। जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की और इस मामले में संलिप्त तीन आरोपियों को हिरासत में लिया था। SHO ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि उन्होंने चोरी का सोना अंबाला छावनी के श्रीकुंज बिहारी ज्वेलर्स के करण को बेचा था। चोरी के सामान में एक डायमंड का हार, दो अंगूठियां और एक डायमंड का ब्रेसलेट सहित अन्य जेवरात शामिल थे, जो ज्वेलर्स ने कम दाम पर खरीद लिए थे।
आज पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले ज्वेलर्स को गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से जेवरात बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने आरोपी ज्वेलर्स के खिलाफ चोरी का सामान खरीदने का मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया है। रिमांड के दौरान पुलिस उससे बकाया सोने और चांदी का सामान भी बरामद करेगी। इस मौके पर SHO ने चोरी का सामान खरीदने वाले अन्य ज्वेलर्स और कबाड़ियों को भी सख्त चेतावनी दी कि यदि उन्होंने आइंदा भी चोरी का सामान खरीदा तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।