छछरौली पुल पर देर रात टहलता दिखा तेंदुआ, आबादी क्षेत्र के पास दहशत

यमुनानगर के छछरौली पुल पर देर रात 11 बजे तेंदुआ दिखाई देने से आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वन विभाग को सूचित कर गश्त बढ़ाने की मांग की गई है।

यमुनानगर : यमुनानगर में एक बार फिर तेंदुए की मौजूदगी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। देर रात छछरौली पुल पर एक तेंदुआ दिखाई दिया, जिसका वीडियो वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। बताया जा रहा है कि यह घटना रात करीब 11 बजे की है। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। खास बात यह है कि जहां तेंदुआ दिखाई दिया, वहां से आबादी वाला क्षेत्र महज करीब 50 मीटर की दूरी पर है। वीडियो कांग्रेस नेता द्वारा भी बनाई गई बताई जा रही है। स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और वन विभाग से जल्द कार्रवाई की मांग की जा रही है।

वायरल वीडियो में तेंदुआ छछरौली पुल के आसपास टहलता हुआ नजर आ रहा है। देर रात सड़क पर उसकी मौजूदगी से राहगीरों में भय का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेंदुआ कुछ देर तक पुल के आसपास घूमता रहा और फिर अंधेरे की ओर चला गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने एक-दूसरे को सतर्क किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि तेंदुआ आबादी की ओर बढ़ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और तेंदुए की तलाश के लिए टीम भेजने की मांग की जा रही है। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि यदि कहीं तेंदुआ दिखाई दे तो उसके पास जाने या उसे घेरने की कोशिश न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग और पुलिस को सूचना दें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.