छोटी सी जिद पर 11 साल के मासूम ने उठाया खौफनाक कदम, रामतलैया चौकी क्षेत्र की घटना

मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में 11 साल के बच्चे ने लगाई फांसी। मां और बहन के न आने से था नाराज, जांच में जुटी पुलिस।

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के थाना मझोला अंतर्गत रामतलैया चौकी इलाके से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां एक 11 वर्षीय मासूम, जो चौथी कक्षा का छात्र था, उसने जिद्द और नाराजगी के बीच छत पर जाकर कपड़े सुखाने वाली रस्सी से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. मूल रूप से उत्तराखंड के चंपावत जिले के रहने वाले इस परिवार के मुखिया एक कपड़ा दुकान में काम करते हैं और पिछले 20 सालों से मुरादाबाद में किराए के मकान में रह रहे हैं.

परिजनों के अनुसार, रात करीब 9 बजे बच्चा छत पर खेलने गया था. उस दौरान उसकी बहन भी साथ में थी, लेकिन थोड़ी देर बाद वह अपना स्कूल का होमवर्क पूरा करने नीचे कमरे में आ गई. बच्चे ने अपनी बहन से दोबारा छत पर आने को कहा, लेकिन पढ़ाई के कारण उसने मना कर दिया. इसके बाद बच्चे ने नीचे आकर अपनी मां को पुकारा. मां ने भी घरेलू काम में व्यस्त होने का हवाला देते हुए कुछ देर बाद आने की बात कही. इस छोटी सी बात से आहत होकर मासूम अकेले छत पर चला गया और कपड़े सुखाने के लिए बांधी गई रस्सी का फंदा गले में डाल लिया.

रात 11 बजे मां की चीख से दहला मोहल्ला

रात करीब 11 बजे जब मां खाना खाने या सोने के लिए बेटे को बुलाने छत पर पहुंचीं, तो सामने बेटे को फंदे पर लटकता देख उनकी चीख निकल गई. शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने तुरंत चाकू से रस्सी काटकर बच्चे को नीचे उतारा, लेकिन तब तक मासूम का शरीर ठंडा पड़ चुका था. परिजन आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

कम ऊंचाई को लेकर संशय, फॉरेंसिक टीम और पुलिस जांच में जुटी

घटना की जानकारी मिलते ही मझोला थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. घटनास्थल का जायजा लेने वाले लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने इस बात पर संशय भी व्यक्त किया कि छत की दीवार और रस्सी की ऊंचाई काफी कम थी, ऐसे में इतनी कम ऊंचाई पर बच्चा फांसी कैसे लगा सकता है.

मझोला पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. परिजनों की ओर से फिलहाल कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है ताकि मौत की सही वजह का पता चल सके.

Leave A Reply

Your email address will not be published.