जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन में विदेशी ताकतें और अराजक तत्व शामिल थे — अर्चना गुप्ता
हरियाणा बीजेपी अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने जंतर-मंतर छात्र आंदोलन पर कांग्रेस और आप पर प्रायोजित अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। पढ़ें पूरा बयान।
हांसी: हरियाणा बीजेपी अध्यक्ष डॉक्टर अर्चना गुप्ता ने जंतर-मंतर पर हुए छात्रों के आंदोलन को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने दावा किया कि आंदोलन में देश के युवा शामिल नहीं थे, बल्कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी द्वारा प्रायोजित कार्यक्रम के तहत अराजकता फैलाने वाले लोग शामिल हुए थे. अर्चना गुप्ता ने आरोप लगाया कि उस आंदोलन में आतंकवादी शामिल हुए थे और अराजकता फैलाने की कोशिश की गई.
‘आंदोलन में हिंसा और अराजकता स्वीकार्य नहीं’: अर्चना गुप्ता ने कहा कि “भारत एक मजबूत लोकतंत्र है और प्रत्येक नागरिक को अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने का लोकतांत्रिक अधिकार है. किसी भी विषय पर अपनी मांग रखने और सरकार के समक्ष उसे उठाने का अधिकार सभी को है, लेकिन आंदोलन के दौरान हिंसा और अराजकता स्वीकार्य नहीं है.
‘आंदोलन में पुलिसकर्मियों पर पथराव और अभद्र भाषा का इस्तेमाल हुआ’: हरियाणा बीजेपी अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि “आंदोलन के दौरान पुलिसकर्मियों पर पथराव किया गया, आगजनी की गई और महिला पत्रकारों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया. आंदोलन में जिस तरह की भाषा और व्यवहार देखने को मिला, वो लोकतांत्रिक आंदोलन की मर्यादा के अनुरूप नहीं था. इस आंदोलन में विदेशी ताकतों के सहयोग का भी था. वहां अलग-अलग तरह की विदेशी वस्तुएं और खाद्य सामग्री मिली.” हालांकि, इन आरोपों के समर्थन में उन्होंने कोई स्पष्ट प्रमाण प्रस्तुत नहीं किया.
आंदोलन में महिला कांस्टेबल की मौत का दावा: डॉक्टर गुप्ता ने ये भी दावा किया कि आंदोलन के दौरान एक महिला पुलिस कांस्टेबल की मौत हुई और एक पुलिस अधिकारी की आंख चली गई. हालांकि, महिला कांस्टेबल की मौत से जुड़ा दावा दिल्ली पुलिस पहले ही गलत बता चुकी है. वहीं, आंदोलन में विदेशी फंडिंग के सवाल पर विदेश मंत्रालय भी कह चुका है कि उसके पास ऐसी कोई जानकारी नहीं है.
‘युवाओं की मांग को लेकर सरकार गंभीर’: डॉक्टर अर्चना गुप्ता ने कहा कि “युवाओं की मांगों को लेकर केंद्र सरकार गंभीर है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं की मांगों को स्वीकार किया है. देश का युवा भारत का भविष्य है और भारतीय जनता पार्टी की सरकार युवाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है. युवाओं की जो भी जायज मांगें होंगी, सरकार उन्हें गंभीरता से सुनेगी और लोकतांत्रिक तरीके से उनका समाधान करने का प्रयास किया जाएगा.”