जन्मदिन मनाकर लौट रहे दोस्तों की गाड़ी खाई में समाई, विशाल की मौत और चार घायल उपचाराधीन
पंचकूला के मोरनी में बर्थडे पार्टी से लौट रहे युवकों की कार 100 फीट गहरी खाई में गिरी। एक की मौत, चार घायल।
पंचकूला: जिला पंचकूला के पहाड़ी क्षेत्र मोरनी में सोमवार की देर शाम एक कार करीब 100 फीट गहरी खाई में गिर गई. कार में कुल पांच युवक सवार थे, जिनमें से एक युवक की मौत होने की सूचना है. जबकि अन्य चार युवक घायल हुए हैं, जो फिलहाल जिला अस्पताल में उपचाराधीन हैं. यह दर्दनाक सड़क हादसा गांव मानना से आगे पंचकूला की ओर जाते समय खतरनाक मोड़ पर हुआ. पांचों युवक एर्टिगा कार में सवार थे लेकिन खतरनाक मोड़ पर उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी. इससे गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान विशाल के रूप में हुई है.
चंडीगढ़ से जन्मदिन मनाने पहुंचे थे युवक: पुलिस ने बताया कि “सभी पांचों युवक चंडीगढ़ के गांव बहलाना के रहने वाले हैं. सभी एक साथ सोमवार की दोपहर अपने दोस्त बलकार सिंह का जन्मदिन मनाने के लिए मोरनी गए थे.मोरनी में सभी ने एक साथ केक काटते हुए जन्मदिन मनाया. पार्टी करने के बाद सभी देर शाम चंडीगढ़ वापिस लौटने लगे. लेकिन गांव मानना से आगे एक तीखे मोड़ पर कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरते हुए गहरी खाई में जा गिरी. यह हादसा सोमवार की शाम करीब सात बजे होना बताया गया है. हादसे के बाद खाई में गिरी क्षतिग्रस्त कार से एक घायल युवक हिम्मत कर किसी तरह सड़क तक पहुंचा. फिर राहगीरों को रोक कर हादसे की जानकारी दी और उनके जरिए पुलिस तक सूचना पहुंची.” पुलिस को डायल-112 के माध्यम से इस हादसे की जानकारी रात करीब 11 बजे मिली. इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पंचकूला के सिविल अस्पताल-6 में पहुंचाया.
घायलों की पहचान: इस हादसे में घायल हुए युवकों की पहचान 18 से 22 वर्षीय सुरजीत सिंह पुत्र खुशीराम, राहुल पुत्र सुदामा शर्मा, गौरव पुत्र पांचू राम और परगट सिंह पुत्र बलकार सिंह के रूप में बताई गई है. इनमें से विशाल की मौत होने की सूचना है. जबकि चार अन्य युवक चोटिल हुए हैं. वहीं, अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद दो युवकों को छुट्टी दे दी गई और अन्य दो युवक फिलहाल उपचाराधीन हैं.
शराब के नशे में होने की आशंका: स्थानीय लोगों ने हादसे का कारण कार सवार युवकों के शराब के नशे में होने की आशंका जताई है. लेकिन फिलहाल तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. वहीं, पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच में जुटी है. ऐसा नहीं है कि मोरनी क्षेत्र में यह पहला सड़क हादसा हुआ हो, क्योंकि बीते वर्षों में गाहे-बगाहे तीखे मोड़ होने और दूसरी ओर रेलिंग नहीं होने के चलते कई जानलेवा और गंभीर हादसे होते रहे हैं.