नर्सिंग स्टाफ और लैब तकनीशियन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, एक साल से सैलरी न मिलने का आरोप

बहादुरगढ़ के ऑस्कर हॉस्पिटल में नर्सिंग स्टाफ और लैब तकनीशियन के शव बरामद। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया।

बहादुरगढ़ : बहादुरगढ़ के ऑस्कर हॉस्पिटल में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ही कमरे से दो युवकों के शव बरामद हुए। मृतकों की पहचान सचिन और विकास के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सचिन हॉस्पिटल में नर्सिंग स्टाफ के तौर पर काम करता था, जबकि विकास लैब तकनीशियन के पद पर कार्यरत था।

दोनों के शव एक ही कमरे में मिलने के बाद परिजनों ने मामले में अनहोनी की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि दोनों युवकों को करीब एक साल से तनख्वाह नहीं दी जा रही थी। उनका कहना है कि जब भी दोनों वेतन मांगते थे, तो हॉस्पिटल प्रबंधन के साथ उनका विवाद होता था। शिकायत में परिजनों ने हॉस्पिटल मालिक पर रंजिश में हत्या करवाने के आरोप लगाए है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 103 व 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

दो स्टाफ सदस्यों के  शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल में भिजवाया गया है। पुलिस एफआईआर दर्ज कर मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.