जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत: 30 अप्रैल से शुरू होगी सेवा, अब होंगे 20 कोच
जम्मू से श्रीनगर का सफर अब 5 घंटे से भी कम में! 30 अप्रैल 2026 से शुरू होगी 20 कोच वाली नई वंदे भारत एक्सप्रेस। जानें रूट, समय और जम्मू स्टेशन का नया लुक।
भारतीय रेलवे के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पहले कटरा से श्रीनगर तक चलाई गई वंदे भारत एक्सप्रेस को अब जम्मू तक विस्तारित करने की तैयारी है. यानी जल्द ही यात्री सीधे जम्मू से श्रीनगर तक वंदे भारत ट्रेन के जरिए सफर कर सकेंगे. शुरुआत में कटरा-श्रीनगर रूट पर चलने वाली इस ट्रेन में केवल 8 डिब्बे थे, जिनमें करीब 540 यात्रियों की क्षमता थी. लेकिन जबरदस्त मांग और लगातार फुल बुकिंग को देखते हुए अब इस ट्रेन में डिब्बों की संख्या बढ़ाकर 20 करने की योजना है. इससे एक बार में 1400 से अधिक यात्री सफर कर सकेंगे.
कटरा से श्रीनगर के बीच इस ट्रेन को लोगों से शानदार प्रतिक्रिया मिली है. लगभग हर यात्रा में सीटें पूरी तरह भरी रही हैं, जिससे यह साफ है कि कश्मीर घाटी में आधुनिक रेल सेवा की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी. अब इस सेवा के जम्मू तक विस्तार के बाद यात्रा और भी आसान और सुगम हो जाएगी. इसके साथ ही रेलवे विभाग भविष्य में इस रूट को दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने की दिशा में भी काम कर रहा है.
आधुनिकता और मंदिर वास्तुकला का संगम
दूसरी ओर, जम्मू को रेलवे के क्षेत्र में लगातार नई सौगातें मिल रही हैं. पहले इसे नया रेल डिवीजन बनाया गया, फिर कटरा-श्रीनगर के बीच वंदे भारत ट्रेन शुरू हुई और अब जम्मू रेलवे स्टेशन को पूरी तरह आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है. मंदिरों के शहर जम्मू के इस स्टेशन को खासतौर पर मंदिर वास्तुकला से प्रेरित डिजाइन में तैयार किया जा रहा है.
नया जम्मू रेलवे स्टेशन अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जो इसे देश के प्रमुख रेलवे स्टेशनों की श्रेणी में खड़ा करेगा. इससे न सिर्फ यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.
कब से शुरू होगी वंदे भारत ट्रेन?
जम्मूश्रीनगर के बीच वंदे भारत ट्रेन सेवा 30 अप्रैल 2026 से शुरू होने जा रही है. इसके लिए रेलवे ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. इससे दोनों शहरों के बीच यात्रा समय घटेगा, जिससे यात्रा करने वाले यात्रियों को आसनी होगी. दावा किया जा रहा है कि यात्रा समय 5 घंटे से भी कम रह जाएगा. 266.66 किलोमीटर लंबे इस रूट पर चलने वाली 20 कोच वाली सेमी हाई-स्पीड वंदे भारत ट्रेन को खास तरीके से तैयार किया गया है. इस ट्रेन को सर्दियों के मौसम को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है.