जींद में चलेगी देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन: हरियाणा को मिलेगी बड़ी सौगात

17 जुलाई को पीएम मोदी जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। हरियाणा को मिलेगी रेलवे, स्वास्थ्य और इंफ्रास्ट्रक्चर की बड़ी सौगात। पढ़ें पूरी खबर।

चंडीगढ़  : हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि 15 सितंबर 2013 को रेवाड़ी की सैनिक सम्मान रैली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस नए भारत और नए हरियाणा का विजन प्रस्तुत किया था, आज वह धरातल पर साकार होता दिखाई दे रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का हरियाणा से रिश्ता केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि भावनात्मक, विकासात्मक और विश्वास का है। इसी कड़ी में 17 जुलाई 2026 को जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाना हरियाणा के विकास इतिहास में स्वर्णिम अध्याय साबित होगा।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हरियाणा को केवल योजनाएं ही नहीं दीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान भी दिलाई है। आज हरियाणा देश के विकास मॉडल के रूप में स्थापित हो चुका है।

5 शहरों को मिली पांच नई राष्ट्रीय पहचान
कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हरियाणा के विभिन्न शहरों को उनकी विशेषताओं के अनुरूप नई पहचान मिली है।उन्होंने कहा कि रेवाड़ी देश की राष्ट्र सुरक्षा का प्रतीक बना, जहां से वन रैंक वन पेंशन का संकल्प लिया गया। आज इसका लाभ लाखों पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को मिल रहा है।पानीपत से शुरू हुए “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” अभियान ने पूरे देश में सामाजिक परिवर्तन की मिसाल कायम की।

हरियाणा का लिंगानुपात लगातार बेहतर हुआ और बेटियां शिक्षा, खेल तथा अन्य क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों तक पहुंची हैं। कुरुक्षेत्र को सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां बनने वाला सिख संग्रहालय धार्मिक पर्यटन को नई दिशा देगा।

हिसार को अंतरराष्ट्रीय एविएशन और कार्गो हब के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे पश्चिमी हरियाणा में उद्योग, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि अब जींद देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के साथ ग्रीन टेक्नोलॉजी और स्वच्छ ऊर्जा की नई पहचान बनने जा रहा है।

17 जुलाई को विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि 17 जुलाई की जनसभा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विकसित हरियाणा और विकसित भारत के संकल्प का उत्सव होगी। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रदेश को रेलवे, स्वास्थ्य, सड़क और आधारभूत ढांचे से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात देंगे।

उन्होंने कहा कि भिवानी और नारनौल में नए मेडिकल कॉलेज शुरू होने से दक्षिण हरियाणा के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं और चिकित्सा शिक्षा उपलब्ध होगी। इसके अलावा नई सड़क परियोजनाएं, रेलवे विकास कार्य और राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार प्रदेश की आर्थिक प्रगति को नई गति देंगे।

हाइड्रोजन ट्रेन हरित भविष्य की दिशा में बड़ा कदम

कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन केवल परिवहन का नया साधन नहीं, बल्कि भारत की ऊर्जा आत्मनिर्भरता और हरित विकास की दिशा में बड़ा कदम है। इससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा, कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी तथा भारत के नेट-जीरो लक्ष्य को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा ग्रीन मोबिलिटी के क्षेत्र में पूरे देश का मार्गदर्शन करने वाला राज्य बनने जा रहा है।

2014 के बाद बदली हरियाणा की तस्वीर
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले हरियाणा को विकास योजनाओं के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था, लेकिन आज प्रदेश राष्ट्रीय स्तर की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का केंद्र बन चुका है।
उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे, रेलवे नेटवर्क, एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज, औद्योगिक कॉरिडोर, स्मार्ट सिटी, आधुनिक कृषि, डिजिटल सेवाएं और ग्रीन एनर्जी जैसे क्षेत्रों में हरियाणा देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है।

मोदी के नेतृत्व में हरियाणा ने विकास की नई ऊंचाइयां छुईं
कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा ने पिछले 13 वर्षों में अभूतपूर्व विकास देखा है। वन रैंक वन पेंशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, झज्जर एम्स, किसान सम्मान निधि, मेडिकल कॉलेजों का विस्तार, हिसार एयरपोर्ट, स्मार्ट सिटी, औद्योगिक निवेश, एक्सप्रेसवे नेटवर्क, हर घर जल योजना और अब देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन जैसी उपलब्धियां इस परिवर्तन की सशक्त मिसाल हैं।

हरियाणा बनेगा विकसित भारत का अग्रदूत
कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा को केवल एक राज्य के रूप में नहीं देखा, बल्कि विकसित भारत की प्रयोगशाला के रूप में आगे बढ़ाया है। रेवाड़ी से लेकर जींद तक की विकास यात्रा इस बात का प्रमाण है कि दूरदर्शी नेतृत्व, मजबूत नीतियों और जनभागीदारी से हरियाणा आज देश को नई दिशा देने वाला राज्य बन चुका है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 17 जुलाई का दिन हरियाणा के विकास इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा और प्रदेश ग्रीन एनर्जी, आधुनिक बुनियादी ढांचे तथा तकनीक आधारित विकास के क्षेत्र में पूरे देश का नेतृत्व करेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.