टोहाना बस हादसा: 3 मौतों के बाद जागी पुलिस, ओवरलोड बसों के काटे चालान

टोहाना में 3 मौतों वाले भीषण बस हादसे के बाद ट्रैफिक पुलिस का बड़ा एक्शन। नियमों का उल्लंघन करने वाली 8 बसों के काटे चालान, फरार चालक-परिचालक गिरफ्तार।

टोहाना : टोहाना के गांव अमानी-भोडी के पास सोमवार को विशाल टूर एंड ट्रैवल की 52 सीटर बस के खेत में पलटने से 3 लोगों की मौत और 28 यात्रियों के घायल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस हरकत में आ गई है। हादसे में होमगार्ड बलविंदर सिंह, 16 वर्षीय छात्रा बोहती देवी और 70 वर्षीय मोनी देवी की मौत हुई थी।

नियम तोड़ने वाली 8 बसों के काटे गए चालान 

हादसे के बाद मंगलवार को ट्रैफिक पुलिस ने दरोगा बलविंदर सिंह के नेतृत्व में शहर में विशेष नाकेबंदी कर चालान काटने का अभियान चलाया। इस दौरान ओवरलोड और नियम तोड़ने वाली 8 बसों के चालान काटे गए। पुलिस ने चेतावनी दी कि दोबारा नियम तोड़ने पर सख्त कार्रवाई होगी।

यात्रियों का आरोप था कि बस चालक ने बस को परिचालक को दे दिया जो तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। भोडी गांव के पास बस बेकाबू होकर पलट गई। हादसे के बाद चालक-परिचालक फरार हो गए थे, जिन्हें डीएसपी जय भगवान की टीम ने काबू कर जेल भेज दिया है। इससे पहले मंगलवार को एसडीएम आकाश शर्मा ने ट्रैफिक पुलिस को ओवरलोड बसों पर शिकंजा कसने के सख्त आदेश दिए थे। ग्रामीणों ने भी बस संचालकों की मनमानी और विद्यार्थियों से दुर्व्यवहार का आरोप लगाकर टोहाना-फतेहाबाद रोड जाम किया था। वहीं पुलिस का कहना है कि नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। वहीं लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या यह कार्रवाई स्थायी होगी या सिर्फ खानापूर्ति बनकर रह जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.