टोहाना: सिरसा ब्रांच नहर में मिला पंजाब की युवती का शव, फैली सनसनी
हरियाणा के टोहाना में सिरसा ब्रांच नहर से 18 वर्षीय युवती का शव बरामद। मृतका पंजाब के पटियाला की रहने वाली थी। घटनास्थल से स्कूटी भी मिली। जानें पूरी खबर।
टोहाना : हरियाणा के टोहाना में उस वक्त हड़कंप मच गया जब शहर के रेलवे रोड स्थित योग आश्रम के पास बहने वाली सिरसा ब्रांच नहर में एक युवती का शव मिला। वहीं सोमवार को नहर के पास से राहगीरों ने पानी में शव तैरता देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। मृतक युवती पंजाब की रहने वाली बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद शव को नहर से बाहर निकाला। पुलिस जांच में मृतका की पहचान पंजाब के पटियाला जिले की रहने वाली 18 वर्षीय असीमा के रूप में हुई है। घटनास्थल के पास से पुलिस को एक स्कूटी और युवती की जूतियां भी मिली हैं। परिजनों का कहना है कि असीमा पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में थी। वह अचानक घर से लापता हो गई थी, जिसके बाद परिजनों ने स्थानीय पुलिस थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है।