दिल्ली: मांडी रोड को मिलेगा नेशनल हाईवे का दर्जा, CM रेखा गुप्ता ने की मांग

दिल्ली की CM रेखा गुप्ता ने नितिन गडकरी को लिखा पत्र। 8.8 किमी लंबे मांडी रोड को NHAI के अधीन लाने और नेशनल हाईवे बनाने का आग्रह। जानें इससे क्या होगा फायदा।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से दक्षिण दिल्ली के 8.8 किलोमीटर लंबे महत्वपूर्ण एक कॉरिडोर को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधीन लाने की मांग की है। रेखा गुप्ता ने इसके लिए गडकरी को पत्र लिखकर मांडी रोड को नेशनल हाईवे (एनएच) घोषित करने और इसके विकास का काम एनएचएआई को सौंपने का आग्रह किया है।

पड़ोसी राज्य को जोड़ता है यह रोड

मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा है कि लगभग 8.8 किलोमीटर लंबा मांडी रोड दिल्ली-एनसीआर का एक महत्वपूर्ण रणनीतिक सड़क कॉरिडोर है। यह छतरपुर मेट्रो स्टेशन के निकट महरौली-गुरुग्राम रोड (एनएच-148ए) को दिल्ली-हरियाणा सीमा पर गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड से जोड़ता है। यह मार्ग दिल्ली और पड़ोसी आर्थिक केंद्रों गुरुग्राम और फरीदाबाद के बीच एक महत्वपूर्ण संपर्क कड़ी के रूप में कार्य करता है तथा अंतरराज्यीय यातायात के सुचारु संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

यूटीटीआईपीईसी ने सड़क चौड़ीकरण के प्रस्ताव का किया था समर्थन

सीएम गुप्ता ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि यूनिफाइड ट्रैफिक एंड ट्रांसपोर्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर प्लानिंग एंड इंजीनियरिंग सेंटर (यूटीटीआईपीईसी) की गवर्निंग बॉडी ने 27 सितंबर 2023 को आयोजित अपनी 68वीं बैठक में मांडी रोड के महत्व को मान्यता देते हुए इसके चौड़ीकरण और व्यापक विकास के प्रस्ताव का समर्थन किया था। उन्होंने कहा कि मांडी रोड के रणनीतिक महत्व, मौजूदा और भावी यातायात मांग तथा नेशनल हाईवे-148ए के साथ इसके सीधे संपर्क को देखते हुए इस सड़क को एनएचएआई के दायरे में लाने पर विचार किया जाना चाहिए।

एनएसीआर की कनेक्टिविटी होगी और मजबूत

उन्होंने केंद्रीय मंत्री से यह भी अनुरोध किया कि मांडी रोड को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित कर इसके विकास की जिम्मेदारी एनएचएआई को सौंपी जाए, ताकि इसके विकास के लिए एकीकृत योजना बनाई जा सके। समान इंजीनियरिंग मानकों को अपनाया जा सके और इस महत्वपूर्ण कॉरिडोर का समयबद्ध उन्नयन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस पहल से हर दिन इस रोड का इस्तेमाल करने वाले यात्रियों को बेहतर और अधिक सुगम यातायात सुविधा मिलेगी। साथ ही दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में संपर्क व्यवस्था और मजबूत होगी और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने इस महत्वपूर्ण विषय पर नितिन गडकरी से सकारात्मक विचार करने का आग्रह करते हुए इस मामले को आगे बढ़ाने में उनके निरंतर सहयोग की अपेक्षा भी व्यक्त की।

बता दें कि, दिल्ली सरकार राजधानी की सड़कों की सूरत संवारने और और वर्ल्ड क्लास की बनाने की दिशा में लगातार प्रयासरत है। इसके लिए कई नए एक्सप्रेसवे और सड़कें बनाने पर विचार करने के साथ ही उन्हें एनसीआर के शहरों से जोड़ने पर विचार कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.