दिल्ली: शाहदरा स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने को लेकर विवाद, यात्री की पीटकर हत्या

दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर योगा एक्सप्रेस में चढ़ने को लेकर हुए मामूली विवाद में एक यात्री की पीट-पीटकर हत्या। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

राजधानी दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ने को लेकर हुए मामूली विवाद में यात्री की हत्या करने का मामला सामने आया है. प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर योगा एक्सप्रेस में सवार होने के दौरान शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई, जिसमें एक यात्री की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई.

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी पंकज धामा के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार पंकज धामा शाहदरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर योगा एक्सप्रेस में चढ़ने की कोशिश कर रहा था. इसी दौरान कुछ सहयात्रियों के साथ उनका विवाद हो गया. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और मुक्कों व लातों से बुरी तरह पीटा.

स्टेशन पर मची अफरा तफरी

घटना के दौरान स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान मौके पर पहुंचे. बताया जा रहा है कि एक आरपीएफ कांस्टेबल ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास भी किया, लेकिन तब तक पंकज गंभीर रूप से घायल हो चुका था. पुलिस ने उसे तत्काल इलाज के लिए जीटीबी अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया.

पुलिस कर रही जांच

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 और 3(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस स्टेशन और ट्रेन में मौजूद यात्रियों से पूछताछ कर रही है. साथ ही रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली रही है ताकि घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके.

पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि ट्रेन में चढ़ने को लेकर हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जिसके चलते एक व्यक्ति की जान चली गई. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Leave A Reply

Your email address will not be published.