दिल्ली सड़क विवाद और थप्पड़ कांड के विरोध में सड़कों पर उतरी आम आदमी पार्टी, सेक्टर-34 में प्रदर्शन
चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के सड़क विवाद और थप्पड़ कांड के विरोध में प्रदर्शन किया है। पार्टी ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच की मांग की है।
चंडीगढ़: दिल्ली में सड़क निर्माण को लेकर हुए विवाद और एक युवक को थप्पड़ मारे जाने की घटना के विरोध में आम आदमी पार्टी (AAP) की चंडीगढ़ इकाई ने बुधवार को सेक्टर-34 में प्रदर्शन किया. पार्टी कार्यकर्ताओं ने ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब के पास एकत्र होकर भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की. इसके बाद कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश कार्यालय की ओर कूच करने का प्रयास किया.
दिल्ली विवाद बना प्रदर्शन का मुद्दा: AAP नेताओं ने दिल्ली के विकासपुरी इलाके में सड़क निरीक्षण के दौरान हुए विवाद को प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा बनाया. सामने आए वीडियो में दिल्ली के PWD मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा एक युवक को थप्पड़ मारते नजर आए थे. पुलिस ने बाद में वर्मा के खिलाफ NCR दर्ज की, जबकि सड़क निर्माण स्थल पर कथित तौर पर काम में बाधा और धमकी से जुड़ी शिकायत के आधार पर AAP विधायक जरनैल सिंह के खिलाफ FIR दर्ज की गई.
सड़क की गुणवत्ता पर सवाल: AAP नेताओं का कहना था कि दिल्ली में विवाद की शुरुआत सड़क की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों से हुई थी. पार्टी के मुताबिक, जरनैल सिंह ने सड़क की परत और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे. AAP ने आरोप लगाया कि सड़क की गुणवत्ता पर जवाब देने के बजाय विवाद को दूसरे मुद्दों की ओर मोड़ दिया गया.
AAP ने कहा- “जांच जरूरी”: प्रदर्शन के दौरान एक AAP नेता ने कहा कि, “सड़क निर्माण में इस्तेमाल सामग्री और उसकी गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए और अनियमितता मिलने पर जिम्मेदारी तय हो. सार्वजनिक धन से होने वाले विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है.”