दिल्ली: स्वरूप नगर में अवैध ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़, महिला की मौत
दिल्ली पुलिस ने स्वरूप नगर में बड़ी ड्रग्स फैक्ट्री का खुलासा किया। छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर बालकनी से कूदी विदेशी महिला की मौत। भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद।
दिल्ली के स्वरूप नगर में ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है. दिल्ली पुलिस की एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड (एएनएस) ने अवैध मेथामफेटामाइन मैन्युफैक्चरिंग यूनिट और ड्रग्स के कच्चे माल के गोदाम का खुलासा किया है. इस कार्रवाई के दौरान एक विदेशी महिला की चौथी मंजिल से कूदने के कारण मौत हो गई.
नॉर्थ जिले के डीसीपी राजा बांठिया के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई बुराड़ी थाने में दर्ज एक एफआईआर की जांच के दौरान मिली महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर की गई. जांच में पुलिस ने फ्रैंक डैशमंड नामक आरोपी को गिरफ्तार किया था. उससे पूछताछ के आधार पर पुलिस टीम स्वरूप नगर स्थित एक इमारत तक पहुंची.
पुलिस ने जब्त की हेरोइन
सबसे पहले पुलिस ने इमारत की तीसरी मंजिल पर छापेमारी कर रोमियो उर्फ स्काई को गिरफ्तार किया. तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब 30 ग्राम एमडीएमए और 1.5 ग्राम हेरोइन बरामद हुई. पुलिस टीम इमारत की चौथी मंजिल पर पहुंची, जहां दो अलग-अलग फ्लैटों में अफ्रीकी मूल के नागरिक रह रहे थे.
पुलिस को देखकर कूदी विदेशी महिला
पुलिस जब चौथी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में पहुंची, तो वहां स्टेला पीयूस नाम की विदेशी महिला मौजूद थी. पुलिस टीम को देखकर वह घबरा गई और अचानक फ्लैट की बालकनी से नीचे कूद गई. गंभीर रूप से घायल महिला को बुराड़ी सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
इसी दौरान पुलिस ने चौथी मंजिल के दूसरे फ्लैट में रहने वाले मार्टिन आरोन नामक अफ्रीकी नागरिक की तलाशी ली. उसके पास से एक चाबी बरामद हुई. जांच के दौरान पता चला कि यह चाबी मृतका स्टेला पीयूस के फ्लैट के एक बंद कमरे की थी. जब पुलिस ने उस कमरे का ताला खोला तो अंदर का दृश्य देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए.
कमरे में भारी मात्रा में केमिकल, बीकर, पाइप, इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीनें, बोरियां और अन्य उपकरण रखे हुए थे. शुरुआती जांच में सामने आया कि इस स्थान का उपयोग मेथामफेटामाइन और एमडीएमए टैबलेट बनाने के लिए किया जा रहा था. पुलिस को मौके से तैयार ड्रग्स, कच्चा माल और ड्रग्स निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी मिले हैं. फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस अवैध फैक्ट्री के जरिए ड्रग्स की सप्लाई किन-किन इलाकों में की जा रही थी. मामले में आगे की जांच जारी है.