दिल्ली CM रेखा गुप्ता का औचक निरीक्षण: आजादपुर में अधिकारियों को लगाई फटकार
दिल्ली CM रेखा गुप्ता ने आजादपुर और त्रिपोलिया चौक का किया औचक निरीक्षण। PWD और मेट्रो कार्यों में देरी पर अधिकारियों को फटकारा। ड्रेनेज और स्वच्छता के लिए कड़े निर्देश।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को आजादपुर के पास गुप्ता मार्केट, आजादपुर चौक और त्रिपोलिया चौक के साथ-साथ आसपास के इलाकों का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने दिल्ली मेट्रो और लोक निर्माण विभाग (PWD) के चल रहे विकास कार्यों का मौके पर जाकर जायजा लिया और अधिकारियों से विस्तृत प्रगति रिपोर्ट तलब की. काम में देरी, अव्यवस्था और खराब स्वच्छता व्यवस्था को देखकर मुख्यमंत्री का पारा चढ़ गया. उन्होंने अधिकारियों पर भड़कते हुए सख्त फटकार लगाई.
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अब काम केवल कागजों में नहीं, बल्कि जमीन पर साफ तौर पर दिखाई देना चाहिए. मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए कि कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए और किसी भी तरह की ढिलाई न बरती जाए. साथ ही, यह सुनिश्चित किया जाए कि काम के दौरान स्थानीय लोगों की आवाजाही, सुरक्षा और सुविधाओं पर कोई असर न पड़े और इन्हें सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए. मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, गति और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के सभी पहलुओं पर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की.

दिल्ली को स्वच्छ बनाने पर CM का फोकस
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य पूर्ण पारदर्शिता के साथ, निर्धारित समय-सीमा के भीतर और गुणवत्ता से बिना किसी समझौते के पूरे किए जाएं ताकि जनता को समय पर सभी आवश्यक सुविधाएं मिल सकें. मुख्यमंत्री ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को आदेश दिया कि आजादपुर, आदर्श नगर और त्रिपोलिया चौक में नए मास्टर प्लान के तहत ड्रेनेज सिस्टम का पुनर्निर्माण और नालों की तत्काल डीसिल्टिंग (गाद निकालना) सुनिश्चित की जाए, ताकि जलभराव का स्थायी समाधान हो सके.
मुख्यमंत्री ने सड़कों की मरम्मत, गड्ढामुक्त रोड और फुटपाथों के सौंदर्यीकरण के माध्यम से पैदल यात्रियों के लिए सुगम व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए. साथ ही, सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता, कूड़ा प्रबंधन और टूटे-फूटे ढांचों को तुरंत दुरुस्त करने पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सभी कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की सीधी जवाबदेही तय होगी.
गुणवत्ता और स्वच्छता के साथ कोई समझौता नहीं होगा
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने मेट्रो निर्माण कार्यों की तकनीकी और संरचनात्मक स्थिति की सख्त समीक्षा की. आजादपुर चौक क्षेत्र में निर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए उन्होंने पिलर्स (स्तंभों) की मजबूती और गुणवत्ता को परखा और किसी भी तरह की लापरवाही पर नाराजगी जताई. फुटपाथों पर बने पिलर्स को लेकर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य पूरा होते ही फुटपाथों को तुरंत पहले जैसी स्थिति में बहाल किया जाए.

उन्होंने दो टूक कहा कि आम लोगों की सुविधा में बाधा किसी भी हालत में स्वीकार नहीं की जाएगी. मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों, गुणवत्ता और स्वच्छता के साथ कोई समझौता नहीं होगा. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण स्थलों पर जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और PWD के साथ बेहतर समन्वय बनाकर सभी परियोजनाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ तय समय-सीमा में हर हाल में पूरा किया जाए.
मैजेंटा लाइन से दिल्ली की कनेक्टिविटी में आएगा बदलाव
इस दौरान मुख्यमंत्री ने आजादपुर मेट्रो स्टेशन के निर्माण कार्यों की समीक्षा की, जिसे दिल्ली मेट्रो के सबसे महत्वपूर्ण इंटरचेंज हब के रूप में विकसित किया जा रहा है. यह स्टेशन येलो, पिंक और निर्माणाधीन मैजेंटा लाइन (फेज-4) के बीच एक प्रमुख कड़ी बनेगा, जिससे उत्तर दिल्ली की कनेक्टिविटी में बदलाव आएगा. इंजीनियरिंग का बेजोड़ नमूना पेश करती यह परियोजना फाइव-लेवल इंफ्रास्ट्रक्चर पर आधारित है, जिसमें अंडरब्रिज, सड़क, रोड ओवरब्रिज और मेट्रो के विभिन्न स्तर शामिल हैं. जनकपुरी वेस्ट से आर. के. आश्रम मार्ग तक विस्तारित इस कॉरिडोर का कार्य तीव्र गति से जारी है, जिसे मुख्यमंत्री ने इस वर्ष के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य दिया है.

क्षेत्र में नियमित सफाई अभियान के निर्देश
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने आसपास के क्षेत्रों का दौरा कर साफ-सफाई, कूड़ा प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं की स्थिति की भी समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में नियमित सफाई अभियान चलाया जाए और व्यवस्था को स्थायी रूप से बेहतर बनाया जाए. साथ ही, फुटओवर ब्रिज के नवीनीकरण, फुटपाथों के सुधार और पुलिस बूथ के पुनर्स्थापन के निर्देश भी दिए गए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी में बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और नागरिकों की जरूरतों के अनुरूप सुविधाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है. वर्षों से उपेक्षित क्षेत्रों में भी विकास कार्यों को गति दी जा रही है और इन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा कर जनता को समर्पित किया जाएगा. उन्होंने दोहराया कि सरकार चौबीसों घंटे और सातों दिन मिशन मोड में कार्य कर रही है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित दिल्ली के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है.