देवी नगर में बुजुर्ग महिला के घर में लगा शॉर्ट सर्किट से भीषण आग, सारा सामान राख
गोहाना के देवी नगर में शॉर्ट सर्किट से बुजुर्ग महिला के घर में भीषण आग लग गई। दमकल न पहुंचने पर पड़ोसियों ने आग बुझाई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सहायता की मांग की है।
गोहाना : गोहाना के देवी नगर वार्ड नंबर-2 में एक बुजुर्ग महिला के घर में शॉर्ट सर्किट से आग लगने का मामला सामने आया है। आग इतनी तेजी से फैली कि घर का लगभग पूरा सामान जलकर राख हो गया। हैरानी की बात यह रही कि सूचना देने के बावजूद मौके पर न पुलिस पहुंची और न ही अग्निशमन विभाग की गाड़ी। आखिरकार आसपास के लोगों ने खुद ही आग पर काबू पाया।
बताया जा रहा है कि बुजुर्ग महिला के पति की पहले ही मौत हो चुकी है और कुछ समय पहले उनके बेटे का भी निधन हो गया था। इसके बाद से वह घर में अकेले ही रहकर अपना जीवन यापन कर रही थीं। आग लगने से उनका घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गया, जिससे उन्हें भारी नुकसान हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना की सूचना तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी गई, लेकिन काफी देर तक कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा। इसके बाद आसपास के लोगों ने खुद ही बाल्टियों और अन्य साधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया और बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन बुजुर्ग महिला का घर और घरेलू सामान आग की भेंट चढ़ गया। अब स्थानीय लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि पीड़ित महिला को आर्थिक सहायता दी जाए और आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली में भी सुधार किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं में समय पर राहत पहुंच सके।