नगर परिषद कार्यालय में लगे सेवा सेतु शिविर के दूसरे दिन नदारद दिखे लाभार्थी, पसरा रहा सन्नाटा
भिवानी नगर परिषद में लगे सेवा सेतु शिविर के दूसरे दिन 19 विभागों के स्टॉल लगे, लेकिन लाभार्थियों की भारी कमी रही।
भिवानी। नगर परिषद कार्यालय में सेवा सेतु शिविर के दूसरे दिन 19 विभागों की स्टॉलों पर योजनाओं की चौपाल सजी रही लेकिन लाभार्थियों का अकाल रहा। वीरवार को सुबह 10 बजे से कर्मचारी स्टॉलों पर मोर्चा संभाले बैठे रहे जबकि कई स्टॉलों पर दिनभर एक भी व्यक्ति जानकारी लेने नहीं पहुंचा।
लोगों की कम मौजूदगी के बीच कई कर्मचारी मोबाइल फोन में व्यस्त नजर आए। कभी वे लैपटॉप पर काम करते दिखाई दिए तो कभी मोबाइल देखते रहे। सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक लगे शिविर के दौरान कुछ ही समय ऐसा रहा जब स्टॉलों पर कोई व्यक्ति पूछताछ के लिए पहुंचा।