नगला एनक्लेव में घर पर फायरिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, सोशल मीडिया वीडियो को लेकर चल रही थी पुरानी रंजिश
फरीदाबाद के नगला एनक्लेव में घर पर फायरिंग के मामले में क्राइम ब्रांच ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सोशल मीडिया वीडियो को लेकर रंजिश में दिया था घटना को अंजाम।
फरीदाबाद। फरीदाबाद के नगला एनक्लेव पार्ट-2 में घर पर फायरिंग करने की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले दो बदमाशों को अपराध शाखा (Crime Branch) सिकरोना की टीम ने धर दबोचा है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हर्ष उर्फ भूरा (22) और रंजित उर्फ चिन्ना (19) के रूप में हुई है, जो उत्तम नगर पार्ट-2, नगला गाजीपुर के रहने वाले हैं। क्राइम ब्रांच के एसीपी अमन यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 21-22 अक्टूबर की रात को सुभाष चौक के पास शिकायतकर्ता सरजीत के घर पर हत्या के प्रयास की नीयत से तीन गोलियां चलाई गई थीं, जिसके बाद थाना सारन में मुकदमा दर्ज किया गया था।
📱 सोशल मीडिया वीडियो बना रंजिश की वजह: पुलिस रिमांड पर लेकर आरोपियों से की जाएगी और पूछताछ
पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि वर्ष 2025 में आरोपी रंजित का किसी से झगड़ा हुआ था, जिसका वीडियो शिकायतकर्ता के बेटे सचिन ने सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया था। वीडियो हटाने से इनकार करने पर रंजित रंजिश रखने लगा और अपने साथी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। अब इन्हें अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा ताकि मामले में शामिल अन्य पहलुओं और हथियारों की बरामदगी की जा सके।