नागपुर से गिरफ्तार श्रद्धा दुबे को मिला ट्रांजिट रिमांड, यूपी एसटीएफ सड़क मार्ग से लेकर आ रही लखनऊ
लखनऊ के शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार श्रद्धा दुबे को नागपुर से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लाया जा रहा है। जानिए पूरा मामला।
बहुचर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार चल रही मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे को नागपुर में गिरफ्तार करने के बाद यूपी एसटीएफ ने बुधवार को स्थानीय अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी श्रद्धा को लखनऊ लाने और यहां की लोकल कोर्ट में पेश करने के लिए 24 अक्टूबर तक का ट्रांजिट रिमांड मंजूर कर लिया है। अदालती प्रक्रिया पूरी होने के बाद यूपी एसटीएफ की टीम सड़क मार्ग से श्रद्धा दुबे को लेकर लखनऊ के लिए रवाना हो चुकी है। लगभग 900 किलोमीटर का सफर तय कर टीम के गुरुवार सुबह या दोपहर तक लखनऊ पहुंचने की संभावना है, जिसके बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराकर कोर्ट में पेश किया जाएगा।
🔍 बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश के खिलाफ भी जारी है गैर जमानती वारंट: पूछताछ के लिए कस्टडी रिमांड मांगेगी पुलिस
एसटीएफ के अधिकारियों के मुताबिक, नागपुर कोर्ट में श्रद्धा दुबे के अलावा उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश को भी पेश किया गया था, जिनके खिलाफ पहले ही गैर जमानती वारंट जारी हो चुका है। पुलिस कोर्ट में पेश करने के बाद उन्हें फिलहाल न्यायिक हिरासत में जेल भेजेगी और हत्याकांड के राज खोलने के लिए आगे की रिमांड की मांग करेगी। गौरतलब है कि लखनऊ के हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट में श्रद्धा के फ्लैट से संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिरने से शिवा शर्मा की मौत हो गई थी। शरीर पर मिले चोट और टॉर्चर के निशानों ने इस मामले को आत्महत्या के बजाय सुनियोजित हत्या के शक में बदल दिया था।