नारनौल मर्डर: पत्नी ने चाकू मारकर की पति की हत्या, आरोपी महिला फरार

महेंद्रगढ़ के नारनौल में रिश्तों का कत्ल। पत्नी ने चाकू मारकर 31 वर्षीय पति शशिकांत की हत्या की। वारदात के बाद आरोपी महिला फरार, पुलिस कर रही तलाश।

नारनौल : महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक गांव में पत्नी ने अपने ही पति की चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला मौके से फरार हो गई।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 31 वर्षीय शशिकांत निवासी गांव सुरानी के रूप में हुई है। शशिकांत की दूसरी शादी वर्ष 2023 में गुरुग्राम जिले के गांव मऊ लोकरी निवासी सरस्वती के साथ हुई थी। सरस्वती का भी यह दूसरा विवाह था। दंपती का करीब दो वर्षीय बेटा है। मृतक के पिता रामकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। सरस्वती ने चाकू से शशिकांत की गर्दन पर वार किया। खून से लथपथ शशिकांत को वहीं मौके पर छोड़कर फरार हो गई।अधिक खून बह जाने के कारण मौके पर शशिकांत की मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलने पर सरपंच प्रतिनिधि प्रदीप ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सदर थाना नारनौल प्रभारी धर्मबीर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर पत्नी सरस्वती के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी महिला फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.