टोहाना बस हादसा: फतेहाबाद में अनियंत्रित होकर पलटी बस, 3 की मौत

फतेहाबाद से टोहाना आ रही विशाल टूर एंड ट्रेवल की बस अमानी और भोडी गांव के बीच पलटी। हादसे में महिला समेत 3 की मौत, दर्जनभर घायल। ड्राइवर पर लापरवाही का आरोप।

टोहाना : फतेहाबाद से टोहाना आ रही विशाल टूर एंड ट्रेवल की 52 सीटर बस गांव अमानी व भोडी के बीच अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। हादसे में एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनभर से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों को नागरिक अस्पताल टोहाना में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी बीर सिंह पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।

PunjabKesari

 

यात्रियों ने चालक पर लगाया लापरवाही का आरोप

पुलिस कर्मचारी राजेश ने बताया कि बस पलटने की सूचना पर टीम मौके पर पहुंची थी। अभी तक तीन मौतों की पुष्टि हुई है। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। बस में सवार यात्रियों ने चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। गांव चंदड निवासी एक यात्री राममेहर ने बताया कि वह टोहाना जाने के लिए बस में चढ़ा था। ड्राइवर शुरू से ही तेज गति से बस चला रहा था। गांव भोडी के पास बस बेकाबू होकर खेत में जा पलटी।

मौके पर पहुंचे सुभाष बराला

वहीं हादसे की सूचना मिलते ही राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाने में मदद की और प्रशासन को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए। पुलिस के अनुसार बस में करीब 50-55 सवारियां थीं। स्थानीय लोगों की मदद से शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.