नूंह: दिग्विजय चौटाला और नसीम अहमद ने दी मौलाना फजरूद्दीन को श्रद्धांजलि
मौलाना फजरूद्दीन के निधन पर श्रद्धांजलि देने पहुंचे दिग्विजय चौटाला और नसीम अहमद। मेवात में विश्वविद्यालय और विकास कार्यों को लेकर नेताओं ने रखी अपनी राय।
नूंह: नूंह जिले के गंगवानी गांव में प्रसिद्ध इस्लामिक विद्वान मौलाना फजरूद्दीन के निधन पर शोक व्यक्त करने के लिए मंगलवार को जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह चौटाला और पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता नसीम अहमद अलग-अलग समय पर उनके आवास पहुंचे. दोनों नेताओं ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और मौलाना के सामाजिक योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान क्षेत्रीय राजनीति और विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी दोनों नेताओं ने अपनी-अपनी बात रखी.
जन-जन अभियान को लेकर बड़ा ऐलान: इस दौरान मीडिया से बातचीत के दौरान दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि, “हम परिवार के दुख में सहभागी बनने और उन्हें ढांढस बंधाने के लिए यहां पहुंचे हैं. चौधरी देवीलाल की जनसेवा की सोच और समाज को साथ लेकर चलने की भावना से प्रेरित होकर आगे बढ़ने की जरूरत है. हमें विश्वास है कि मौलाना फजरूद्दीन का सामाजिक परिवार उनके सपनों को आगे बढ़ाएगा. हमारी पार्टी की ओर से “जन-जन अभियान” पूरे हरियाणा में चलाया जा रहा है. नवंबर तक हम 12 हजार से अधिक गांवों का दौरा करेंगे. इसका उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और युवाओं की भागीदारी बढ़ाकर पार्टी में नई ऊर्जा का संचार करना है. मेवात के बाद अभियान पलवल सहित अन्य जिलों में भी जारी रहेगा.”
भाजपा और कांग्रेस दोनों पर साधा निशाना: प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर बोलते हुए दिग्विजय सिंह चौटाला ने भाजपा और कांग्रेस दोनों पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि, “हरियाणा की जनता भाजपा सरकार से परेशान है, जबकि कांग्रेस प्रभावी विपक्ष की भूमिका निभाने में सफल नहीं रही. अपराध, निजीकरण, नीट और कई अन्य मुद्दों पर सरकार जनता के सवालों का जवाब नहीं दे पा रही है. जेजेपी हमेशा युवाओं और आम जनता के हितों की आवाज उठाती रही है और आगे भी लोगों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा.”
मेवात से जुड़ाव और विकास के मुद्दे: दिग्विजय सिंह चौटाला ने मेवात से अपने पारिवारिक और राजनीतिक जुड़ाव का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि, “मेवात के लोगों ने हमेशा हमें प्यार और सम्मान दिया है. हम इस क्षेत्र को अपना परिवार मानते हैं. यहां पानी और शिक्षा जैसी मूलभूत समस्याएं अभी भी मौजूद हैं. इन मुद्दों को लेकर हम लगातार आवाज उठाते रहेंगे. पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के कार्यकाल में पानी की समस्या दूर करने के प्रयास किए गए थे, लेकिन अभी भी कई चुनौतियां बनी हुई हैं.”
“CM के पुन्हाना दौरे से विकास की उम्मीद”: वहीं, भाजपा नेता और पूर्व विधायक नसीम अहमद ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित पुन्हाना दौरे को मेवात के लिए महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि, “25 जुलाई को मुख्यमंत्री का प्रस्तावित दौरा मेवात के विकास के लिए नई संभावनाएं लेकर आएगा. लंबे समय से लंबित विकास कार्यों और जनहित की मांगों पर सकारात्मक निर्णय होने की उम्मीद है. मुख्यमंत्री के स्वागत की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और क्षेत्र के लोगों में उनके दौरे को लेकर उत्साह का माहौल है.”
विश्वविद्यालय की मांग फिर उठी: नसीम अहमद ने मेवात में विश्वविद्यालय स्थापित करने की पुरानी मांग को दोहराया. उन्होंने कहा कि, “मेवात में विश्वविद्यालय की स्थापना क्षेत्र की महत्वपूर्ण जरूरत है. विभिन्न पंचायतें इसके लिए प्रस्ताव दे चुकी हैं. सिकरावा गांव के आसपास की भूमि सबसे उपयुक्त है क्योंकि यह क्षेत्र के केंद्र में है और दिल्ली-मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे से बेहतर कनेक्टिविटी भी उपलब्ध है.”
सड़क परियोजनाओं पर भी जताई उम्मीद: नसीम अहमद ने कहा कि, “दिल्ली-अलवर रोड के चौड़ीकरण का कार्य शुरू होने की संभावना है, जिससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार आएगा. मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान मेवात से जुड़े सभी प्रमुख विकास मुद्दे उनके सामने रखे जाएंगे. हमें विश्वास है कि इसके बाद विकास कार्यों को और गति मिलेगी और जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप सही फैसले होंगे.”