नूंह: पुलिस और पशु तस्करों में मुठभेड़, गोली लगने से 2 तस्कर घायल

नूंह के फिरोजपुर झिरका में पुलिस और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में 2 तस्करों को किया घायल और गिरफ्तार, पिकअप से 5 ऊंट बरामद।

नूंह: शुक्रवार को नूंह पुलिस और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई. पुलिस की गोली लगने से दो पशु तस्कर घायल हो गए. जिनको पुलिस ने गिरफ्तार कर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 ऊंटों को बरामद किया है. पांचों ऊंट रस्सियों से बंधे मिले. फिरोजपुर झिरका सदर थाना क्षेत्र में नूंह पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया.

नूंह में पशु तस्कर और पुलिस के बीच मुठभेड़: सीआईए नूंह प्रभारी एसआई महेंद्र सिंह के मुताबिक “हम अपनी टीम के साथ दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे स्थित टोल प्लाजा के पास अपराध रोकथाम के उद्देश्य से गश्त कर रहे थे. इस दौरान सूचना मिली कि फिरोजपुर झिरका निवासी साहिद और मुस्तफा एक पिकअप वाहन में राजस्थान से पशु भरकर ला रहे हैं और उनका उपयोग अवैध वध के लिए किया जाना है.”

गुप्त सूचना के आधार पुलिस ने की कार्रवाई: सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर निगरानी शुरू कर दी. कुछ समय बाद पुलिस को संदिग्ध पिकअप वाहन दिखाई दिया, जिसके बाद टीम ने उसका पीछा किया. पुलिस के अनुसार वाहन चालक को रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन उसने वाहन नहीं रोका और पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी. इसके बाद पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया और पीछा जारी रखा.

पैर में गोली लगने से पशु तस्कर घायल: काफी दूरी तक पीछा करने के बाद वाहन का टायर क्षतिग्रस्त होने के बावजूद आरोपी भागते रहे. पुलिस का कहना है कि बाद में वाहन से दो व्यक्ति उतरकर हथियार तानकर खड़े हो गए. पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण के लिए चेतावनी देने के बावजूद आरोपियों के नहीं मानने पर जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें दोनों के पैरों में गोली लगने से वे घायल हो गए.

रस्यियों से बंधे पांच ऊंट बरामद: घायल आरोपियों की पहचान साहिद और मुस्तफा के रूप में हुई है. दोनों फिरोजपुर झिरका के रहने वाले हैं. पुलिस ने दोनों को तत्काल उपचार के लिए शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, नल्हड़ भेजा. इसके बाद पुलिस ने पिकअप वाहन की तलाशी ली. पुलिस के अनुसार वाहन में पांच ऊंट मिले, जिनके मुंह और पैर रस्सियों से बंधे हुए थे.

Leave A Reply

Your email address will not be published.