नूंह में दुष्कर्म और वीडियो वायरल मामले में दोषी करार, अदालत ने सुनाई कड़े कारावास की सजा
नूंह की फास्ट ट्रैक स्पेशल पॉक्सो अदालत ने नाबालिग से दुष्कर्म और अश्लील वीडियो वायरल करने के दोषी को 20 साल की सजा सुनाई है।
नूंह : फास्ट ट्रैक स्पेशल पॉक्सो अदालत ने नाबालिग से घर में घुसकर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाकर इंटरनैट पर वायरल करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में दोषी को 20 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर कुल 32 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया है। यह फैसला अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश डॉ. आशु संजीव तिंजन की अदालत ने सुनाया है। जुर्माना अदा न करने पर अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा।
यह मामला 7 सितंबर 2023 का है। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार फिरोजपुर झिरका क्षेत्र की एक महिला जब अपने दो बेटों के साथ धार्मिक स्थल पर गई थी, तो घर पर अकेली उसकी नाबालिग बेटी के साथ पड़ोस में रहने वाले युवक ने घर में जबरन घुसकर दुष्कर्म किया।
बाद में मारपीट की और अश्लील वीडियो बना ली। विरोध करने पर धमकी दी कि घटना के बारे में बताने पर वीडियो इंटरनेट पर वायरल कर देगा। बाद में आरोपी ने वीडियो वायरल भी कर दिया। शिकायत के आधार पर थाना फिरोजपुर झिरका पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज दर्ज कर साक्ष्य एकत्रित कर जांच शुरू की तथा आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। सुनवाई के दौरान अदालत ने उपरोक्त सजा सुनाई।