नोएडा एयरपोर्ट के पास घर बनाने का मौका, नवरात्र में यीडा लाएगा 2 बड़ी आवासीय भूखंड योजनाएं
यीडा नवरात्र में नोएडा एयरपोर्ट के पास सेक्टर-5ए में 40 से 300 वर्गमीटर की आवासीय भूखंड योजनाएं लाएगा। पुराने आवंटी इसमें आवेदन नहीं कर पाएंगे।
नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के पास घर बनाने के लिए एक बार फिर भूखंड लेने का मौका मिलने वाला है। यमुना विकास प्राधिकरण नवरात्र में दो आवासीय भूखंड योजना लाएगा। इनमें 40 से 300 वर्ग मीटर तक के भूखंड होंगे। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के अधिकारी ने बताया कि नोएडा एयरपोर्ट का संचालन शुरू हो चुका है। इसके अलावा शहर में अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी और अन्य विशेष परियोजनाओं को धरातल पर उतारने की तैयारी चल रही है। ऐसे में शहर में आवासीय भूखंडों की मांग बढ़ी है। हर कोई एयरपोर्ट के पास घर बनाने का सपना देख रहा है।
यीडा ने ऐसे में नवरात्र में सेक्टर-5ए में दो आवासीय भूखंड योजना शुरू करने की तैयारी कर ली है। यह सेक्टर एयरपोर्ट से मात्र पांच मिनट की दूरी पर है। साथ ही, इसमें जापानी सिटी भी प्रस्तावित है। इस सेक्टर में प्राधिकरण दो तरह की भूखंड योजना निकालेगा। इनमें पहली सामान्य श्रेणी की होगी। इसमें न्यूनतम भूखंड 162 वर्गमीटर जबकि अधिकतम 300 वर्गमीटर के होंगे। हालांकि, इन योजनाओं के तहत जमीने खरीदने के लिए एक शर्त भी लगा दी गई है।
कमजोर वर्ग के लिए भी योजना
नवरात्र पर ही प्राधिकरण ने आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए भी भूखंड योजना शुरू करने की तैयारी कर ली है। यह योजना सेक्टर-5ए में होगी, जिसमें सिर्फ 40 वर्गमीटर के भूखंड ही शामिल किए जाएंगे। इन भूखंडों की संख्या काफी अधिक होगी। योजना में आवेदकों के लिए आय का दायरा तय किया जाएगा। इस पर जल्दी ही फैसला लिया जाएगा। यीडा के सीईओ आरके सिंह ने बताया कि आवासीय भूखंडों की दो योजनाएं नवरात्र में लाने की तैयारी की जा रही है। इनमें 40 से लेकर 300 वर्गमीटर तक के भूखंड शामिल होंगे। लोगों को एयरपोर्ट के पास घर बनाने का मौका मिलेगा।
पुराने आवंटी नहीं ले सकेंगे
यीडा क्षेत्र में ड्रॉ के जरिये आवासीय भूखंड प्राप्त कर चुके आवंटियों को योजना में मौका नहीं मिलेगा। इसमें नोएडा, ग्रेनो और यमुना तीनों प्राधिकरण के आवंटी भी शामिल होंगे। प्राधिकरण यह जानकारी एकत्र करने में जुट गया है। बताया गया कि जिन लोगों के पूर्व में तीनों प्राधिकरण क्षेत्र में आवासीय भूखंड निकल चुके हैं, उन्हें इन योजनाओं में पात्रता की श्रेणी में नहीं रखा जाएगा। इस पर तेजी से काम किया जा रहा है।
एयरपोर्ट से खरीदे लड्डू खराब निकले
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल में बनी दुकान से खरीदे पैकेट बंद लड्डू में फंगस निकला। उसकी गुणवत्ता बेहद खराब थी और दुर्गंध आ रही थी। यात्री ने मामले में एक्स पर पोस्ट कर विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। यात्री स्वप्निल गांधी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि उन्होंने आज दोपहर दो बजे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट स्थित मिठाई की दुकान से घी, ड्राइफ्रूट्स और लड्डू का पैकेट खरीदा। घर पहुंचने पर उन्होंने लड्डू का पैकेट खोला तो उन पर फफूंदी लगी मिली। आधे से ज्यादा हिस्से में फफूंदी लगने के कारण सभी लड्डू खराब हो चुके थे। वह बिल्कुल खाने लायक नहीं थे। पैकेट पर पैकेजिंग तिथि छह जून अंकित मिली, जबकि इन्हें इस्तेमाल करने की तिथि छह अगस्त थी। पैकेट पर 799 रुपये एमआरपी अंकित है। उन्होंने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के एक्स हैंडल को टैग करते हुए विक्रेता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग कर रुपये वापस कराने की मांग की। मामला संज्ञान में आने के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने भी एक्स पर सफाई दी।