नोएडा एयरपोर्ट: श्रीनगर-मुंबई के लिए सीधी उड़ानें शुरू, पढ़ें अपडेट
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से श्रीनगर और मुंबई के लिए इंडिगो की सीधी उड़ानें शुरू। अब यात्रियों का समय बचेगा। टर्मिनल के फर्जी वीडियो पर प्रबंधन का स्पष्टीकरण।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शुक्रवार से जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर के लिए सीधी उड़ानें शुरू होने जा रही है। इंडिगो एयरलाइंस शुक्रवार को मुंबई और श्रीनगर की सीधी उड़ानें शुरू करेगा। श्रीनगर के लिए सीधी फ्लाइट शुक्रवार सुबह 10 बजे उड़ान भरेगी और 11:25 बजे श्रीनगर पहुंचेगी। इंडिगो ने बीते दिनों श्रीनगर के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट शुरू की थी। श्रीनगर के लिए दो कनेक्टिंग फ्लाइट मिल रही थीं, जो चंडीगढ़ और जम्मू स्टॉपेज ले रही थीं। इसमें श्रीनगर तक पहुंचने में यात्रियों को ज्यादा समय लग रहा था। यात्रियों को चार घंटे 15 मिनट का समय लग रहा था।
डायरेक्ट फ्लाइट मिलने से समय बचेगा
वहीं, अब शुक्रवार को श्रीनगर के लिए डायरेक्ट फ्लाइट मिलने से समय की बचत होगी। फ्लाइट का टिकट 12,253 रुपये है। हालांकि, यह समय के अनुसार बढ़ और घट सकता है। अब तक मुंबई के लिए उड़ान की सुविधा आकासा एयरलाइंस की ओर से दी जा रही थी। शुक्रवार से मुंबई के लिए भी इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट शुरू होगी। शुक्रवार को पहली फ्लाइट दोपहर 2:50 बजे उड़ान भरेगी। मुंबई से आने वाली फ्लाइट सुबह 8:45 बजे और श्रीनगर की फ्लाइट दोपहर 1:35 मिनट बजे एयरपोर्ट आएगी।
टर्मिनल में पानी आने का वीडियो फर्जी निकला
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में बारिश का पानी आने का एक वीडियो सामने आया। कुछ सोशल मीडिया यूजर ने वीडियो को पोस्ट करने के बाद डिलीट कर दिया। वहीं, नोएडा प्रबंधन की ओर से भी वीडियो फर्जी बताया गया। बता दें कि नोएडा एयरपोर्ट से 15 जून को ही उड़ानों का संचालन शुरू हुआ था। वर्तमान में यहां से 17 शहरों के लिए विमान सेवा उपलब्ध है। उक्त वीडियो को नोएडा एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन का बताया गया था। वीडियो में टर्मिनल के फर्श पर बारिश के पानी फैलाव दिखाने की बात कही गई थी। हालांकि, बाद में यूजर ने वीडियो को डिलीट कर दिया।
दूसरे दिन भी सेवाओं पर असर पड़ा
दो दिनों से हो रही बारिश का असर उड़ानों पर भी रहा। पिछले दो दिनों से फ्लाइट ने या तो अपने निर्धारित समय से पहले उड़ान भरी या इसमें देरी हुई। गुरुवार को फ्लाइट की उड़ान में निर्धारित समय से तीन से 10 मिनट तक का अंतर रहा। मौसम को देखते हुए फ्लाइट बारिश से पहले या फिर थोड़ी देरी के बाद उड़ान भरने के लिए रवने पर पहुंचीं। हालांकि, बुधवार के मुकाबले गुरुवार को यात्रियों को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ा।