नोएडा और लोनी में आगजनी: सोसाइटी फ्लैट और मेंहदी फैक्ट्री में लगी आग

नोएडा के सेक्टर-137 स्थित पारस टियरा सोसाइटी में एसी में धमाके से आग, वहीं लोनी की मेंहदी फैक्ट्री में लगी भीषण आग। दोनों घटनाओं में किसी के हताहत होने की खबर नहीं।

नोएडा के सेक्टर-137 स्थित पारस टियरा सोसाइटी में देर रात करीब 11 बजे एक फ्लैट में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग 7वीं मंजिल पर लगे एसी में शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। इस दौरान ऐसी में ब्लास्ट भी हुआ। जानकारी मिलते ही सोसाइटी की मेंटेनेंस टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया।

जानकारी के अनुसार, सोसायटी में आग की सूचना के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे फ्लैट का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। साथ ही कूलिंग प्रोसेस भी किया। आगजनी के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी। हालांकि समय रहते दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया।

सीएफओ प्रदीप कुमार ने बताया कि आग एसी में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी, जिसे समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। घटना में किसी के घायल होने या किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। यह घटना थाना सेक्टर-142 क्षेत्र की है। समय रहते आग पर काबू पा लेने से एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल फायर विभाग आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रहा है।

मेंहदी बनाने की फैक्ट्री में लगी आग

आग की एक अन्य घटना लोनी स्थित ट्रॉनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार तड़के हुई। यहां मेहंदी बनाने वाली फैक्ट्री में आग लग गई थी। फैक्ट्री में मौजूद गार्ड की सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने एक फायर टेंडर से पानी डालकर आग पर काबू पाया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।

दो मंजिला फैक्ट्री में लगी थी आग

जानकारी के अनुसार, ट्रोनिका सिटी औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर ए 4 में गौरव सचदेवा की स्टर्लिंग इंटरनेशनल नाम से मेंहदी बनाने की दो मंजिला फैक्ट्री है। फैक्ट्री में मौजूद सिक्योरिटी गार्ड में शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे भूतल में आग लगे होने की सूचना दमकल विभाग और फैक्ट्री मालिक को दी। सूचना पर दमकल कर्मी तीन फायर टेंडर के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल उप निरीक्षक गौरव कुमार ने बताया कि आग भूतल पर मेहंदी सुखाने वाले ओवन में आग लगी हुई थी। कर्मचारियों ने एक फायर टेंडर से पानी डालकर थोड़ी देर में आग पर काबू पा लिया। घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आग बुझाने के बाद दमकल कर्मी आवश्यक दिशा निर्देश देकर लौट गए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.