नोएडा के सेक्टर-15 और 124 में जल्द शुरू होगा पजल पार्किंग का काम, जाम से मिलेगी मुक्ति

नोएडा के सेक्टर-15 और सेक्टर-124 में जल्द ₹14-14 करोड़ की लागत से 4 मंजिला पजल पार्किंग का निर्माण शुरू होगा। जानें क्या है पजल पार्किंग और कब तक होगी तैयार।

नोएडा में पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था न होने से लोग सड़कों पर गाड़ियां खड़ी कर देते हैं, जिससे जाम की समस्या होती है। इन्हीं समस्याओं को देखते हुए प्राधिकरण ने करीब दो साल पहले कुछ स्थानों पर पजल पार्किंग बनाने का निर्णय लिया था। इसी क्रम में प्राधिकरण ने प्रक्रिया को आगे बढ़ाया है। प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि सेक्टर-15 में अलका सिनेमा के पास और सेक्टर-124 में पजल पार्किंग का काम अगले महीने से शुरू करा दिया जाएगा। इसके लिए राम रत्ना इंफ्रास्टक्चर प्राइवेट लिमिटेड का चयन कर लिया गया है।

यह एजेंसी दोनों जगह पार्किंग बनाएगी। इन जगह 100-100 वाहन खड़े हो सकेंगे। पार्किंग चार तल की बनाई जाएंगी। एक तल पर 25 गाड़ियां खड़ी हो सकेंगी। एक पार्किंग को बनाने में करीब 14 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। काम शुरू होने के बाद करीब डेढ़ साल में ये बनकर तैयार हो जाएंगी। इन स्थानों के आसपास सरफेस पार्किंग की जगह नहीं है। सेक्टर-15 और 124 में पार्किंग न होने की वजह से जाम लगता है।

क्या है पजल पार्किंग

पजल पार्किंग एक पजल गेम की तरह होती है, जिसमें जितने पार्किंग स्लॉट होते हैं, उतने ही स्टैंड होते हैं। जो ऊपर, नीचे, दायें और बायें होते रहते हैं। एक कार को इस पार्किंग में खड़ा करने में 3 से 6 मिनट का समय लगता है। नोएडा में अभी चार तल की ऑटोमेटिड पजल पार्किंग बनाई जाएंगी। ये पूरी पार्किंग सेंसर बेस्ड होती हैं, इसलिए चोरी से लेकर वाहन के टूट फूट का खतरा नहीं होता।

सेक्टर-63 में जनवरी तक पार्किंग तैयार होगी

नोएडा की पहली पजल पार्किंग सेक्टर-63 के जी-204 के सामने बन रही है। इस पार्किंग को बनाने में 13 करोड़ 29 लाख रुपये का खर्च आएगा। यह पार्किंग भी राम रत्ना इंफ्रास्टक्चर प्राइवेट लिमिटेड बना रही है। इस पार्किंग जनवरी में तैयार होने की उम्मीद है। सेक्टर-62 में भी पजल पार्किंग प्रस्तावित है। इसके लिए प्राधिकरण दोबारा से टेंडर जारी करेगा। इस पार्किंग को बनाने में 14 करोड़ रुपये का खर्च आएगा है। यहां पर 100 गाड़ियों को खड़ी करने के लिए पार्किंग बनाई जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.