नोएडा-ग्रेटर नोएडा कनेक्टिविटी: हिंडन पुल की राह हुई आसान, शुरू हुआ काम

नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच हिंडन पुल को जोड़ने वाली सड़क का काम शुरू। अब परी चौक और सूरजपुर पर कम होगा ट्रैफिक का दबाव। साल के अंत तक मिलेगा नया रास्ता।

नोएडा-ग्रेटर नोएडा के बीच आवाजाही को सुगम बनाने के लिए हिंडन पर बने नए पुल को जोड़ने के लिए 200 मीटर की दूरी में सड़क बनाने में आ रही बाधा दूर होने के बाद प्राधिकरण ने इसका निर्माण कार्य शुरू करा दिया है। फिलहाल मिट्टी डालने का काम किया जा रहा है। इस परियोजना के चार माह में पूरा होने की उम्मीद है।

ग्रेटर नोएडा के एलजी गोलचक्कर से नोएडा सेक्टर-145-146 को सीधे जोड़ने की परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है। हिंडन पुस्ता के उस पार यानी नोएडा की तरफ 700 मीटर लंबी सड़क में से लगभग 200 मीटर की दूरी में जमीन न मिलने की वजह से सड़क का काम अधर में अटका हुआ। परियोजना के रास्ते में आ रही दो खसरा नंबर की जमीन नहीं मिल पा रही थी। प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम के मुताबिक किसान से सहमति लेकर उक्त स्थान पर मिट्टी डालने का काम शुरू कर दिया है।

लाखों लोगों को होगा फायदा

बारिश के दौरान सड़क को पक्का नहीं किया जा सकता है। ऐसे में मॉनसून के बाद अधूरी पड़ी सड़क को पूरा कर वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा। साल के अंत तक नया रास्ता मिल जाएगा। इसका फायदा लाखों लोगों को होगा। वहीं, उत्तर प्रदेश सेतु निगम की ओर से हिंडन पर बनाया जा पुल बनकर तैयार हो गया है। नोएडा प्राधिकरण भी अपने हिस्से की सड़क का काम पूरा कर चुका है। इस परियोजना के पूरा होने का लक्ष्य मार्च 2026 था, लेकिन परियोजना के रास्ते में आ रही कुछ जमीन न मिलने के कारण सड़क बनाने में देरी हो गई। इस मार्ग के बनने से ग्रेटर नोएडा के लिए एक और विकल्प मिल जाएगा।

परी चौक और सूरजपुर घंटाघर चौक पर दबाव कम होगा

अधिकारी के मुताबिक नोएडा-ग्रेनो को सीधे जोड़ने वाले इस निर्माणाधीन रास्ते के चालू होने पर परी चौक और सूरजपुर घंटाघर चौक पर ट्रैफिक का दबाव काफी कम हो जाएगा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर से उड़ान सेवा शुरू हो गई है। शहर में ट्रैफिक का दबाव बढ़ने लगा है। आने वाले समय में इसमें और अधिक वृद्धि होगी। परी चौक, पी-3 और सूरजपुर घंटाघर चौक पर जाम लगना आम बात है। इस समस्या से निजात दिलाने में यह नया रास्ता काफी अहम होगा।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में अंडरपास बनने से भी राहत मिलेगी

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में जाम की समस्या को दूर करने के लिए चार मूर्ति चौक पर अंडरपास का निर्माण किया जा रहा है। यह अंडरपास आगामी अक्टूबर या नवंबर में वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा। इसके निर्माण पर करीब 100 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इससे ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। चार मूर्ति चौक से गाजियाबाद और नोएडा की तरफ जाने वाले लोग जाम में नहीं फंसेंगे। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में जाम की समस्या को दूर करने के लिए प्रमुख सड़कों को भी चौड़ा किया जा रहा है। अब तक 5 से अधिक यूटर्न बनाए जा चुके हैं।

रवि कुमार एनजी, सीईओ, ग्रेटर नोएडा, ”हिंडन पर बना नया पुल चालू होने के बाद परी चौक और सूरजपुर घंटाघर चौक पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा। नवनिर्मित पुल को जोड़ने वाली सड़क कुछ हिस्से में अधूरी पड़ी थी। किसान से सहमति लेकर काम शुरू कर दिया गया है।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.